सहारनपुर। रेल मंत्री जनपद में दो दिवसीय दौरे पर रहे। जनप्रतिनिधि और व्यापारियों ने मंत्री को मांगों के ज्ञापन दिए। किसी ने पिलखनी रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म, पुल का निर्माण कराने तो किसी ने संगम एक्सप्रेस का सहारनपुर तक विस्तार कराने की मांग की। जिस पर मंत्री ने मांगों को जल्द पूरा करने का भरोसा दिया।
नकुड़ विधायक मुकेश चौधरी ने ज्ञापन देकर अवगत कराया कि राधा स्वामी सत्संग भवन में होने वाले सत्संग में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। जिसके चलते पिलखनी रेलवे स्टेशन का खासा उपयोग होता है। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्र में आने वाले श्रमिक, गुड कॉर्विंग उद्योग में आवागमन, राजकीय मेडिकल कॉलेज आदि के लिए किया जाता है। इसलिए यहां पर प्लेटफार्म और पुल का निर्माण हो जाए तो लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
प्रयागराज के लिए एक और ट्रेन चलाई जाए
पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल ने रेल मंत्री को ज्ञापन दिया। महानगर अध्यक्ष मुकुंद मनोहर गोयल ने अवगत कराया कि सहारनपुर और आसपास के क्षेत्रों से काफी लोग रोजाना लखनऊ व प्रयागराज जाते हैं, लेकिन प्रयागराज जाने के लिए सहारनपुर से केवल एक ट्रेन नौचंदी है। उसमें भी ज्यादातर बर्थ उपलब्ध नहीं होती। इसलिए मांग है कि एक ट्रेन सहारनपुर से प्रयागराज वाया लखनऊ और दूसरी सहारनपुर से गुड़गांव के लिए चलाई जाए। वहीं बुनकर एवं कामगार प्रकोष्ठ उत्तर प्रदेश के पूर्व प्रदेश संयोजक एम आजाद अंसारी ने भी संगम एक्सप्रेस का सहारनपुर तक विस्तार कराने की मांग उठाई।
वर्षों की समस्या से मिली निजात
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शारदा नगर में रेलवे लाइन के नीचे बनी पुलिया का निर्माण कार्य भूमि पूजन कर किया गया। जिस पर न्यू शारदा नगर के क्षेत्रीय पार्षद रमन कुमार ने रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया। वर्षों की समस्या दो महीने में समाप्त हो गई। इस मौके पर यशपाल पुंडीर, सतेंद्र पुंडीर, राजेश पंडित, ठाकुर गुरुचरण सिंह, विरेंद्र कोहली, लक्की वर्मा आदि रहे।
भूमि का सर्वे कराने का आश्वासन
पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने रेल मंत्री का कई समस्याओं का निदान करने पर आभार व्यक्त किया। लखनौर में जिन किसानों की भूमि डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के तहत अधिग्रहण की गई है, उन किसानों को मंत्री से मिलवाया। जिस पर मंत्री ने तीन दिन के अंदर रेलवे की टीम को भेजकर दोबारा से सर्वे कराने का आश्वासन दिया।