- संभागीय परिवहन विभाग ने 55 वाहनों को किया गया चिह्नित
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। ओवरलोड वाहनों पर संभागीय परिवहन विभाग ने सख्ती कर दी है। एक साल में तीन बार चालान हुआ तो वाहन का परमिट निरस्त कर दिया जाएगा। ऐसे 55 वाहनों को चिह्नित कर लिया गया है।
जिले की सड़कों पर ओवरलोड वाहनों की भरमार है। परिवहन विभाग और पुलिस समय-समय पर चेकिंग अभियान चलाकर सड़क नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करते रहते हैं। लेकिन वाहन स्वामी सड़क नियमों को ताक पर रख रहे हैं। ऐसे में प्रमुख सचिव परिवहन ने निर्देश दिए कि सड़क नियमों का जो उल्लंघन कर रहा है और उनका बार-बार चालान हो रहा है, यदि तीन बार चालान होना पाया जाता है तो परमिट रद्द कर दिया जाए।
मुख्यालय से आदेश मिलते ही संभागीय परिवहन विभाग ने भी तैयारी शुरू कर दी है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी एमपी सिंह ने बताया कि एक साल में तीन बार चालान होने वाले वाहनों को चिह्नित कर लिया है। 55 वाहन ऐसे हैं, जिनके परमिट निरस्त किए जाएंगे।