सहारनपुर में पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल ने डीआईजी को ज्ञापन देकर मयंक मित्तल पर रासुका लगाने के लिए शासन को भेजे गए प्रस्ताव को निरस्त कराए जाने की मांग की है।
व्यापार मंडल द्वारा डीआईजी जेके शाही को भेजे गए पत्र में मांग की है कि नकुड़ के युवा व्यापारी मयंक मित्तल पर प्रशासन ने उसके मोबाइल पर आए आपत्तिजनक मैसेज को उसके द्वारा आगे वायरल करने पर दोषी ठहराते हुए उसपर रासुका लगाने का प्रस्ताव शासन को भेजा है।
जबकि, अनजाने में ही यह मैसेज बिना किसी दुर्भावना के ही आगे भेज दिया गया है। असली दोषी मयंक को मैसेज भेजने वाला व्यक्ति है। उन्होंने मयंक मित्तल को निर्दोष मानते हुए उस पर से रासुका हटाने के लिए शासन को रिपोर्ट भेजने की मांग की है।
व्यापारियों ने कहा कि पूरे सहारनपुर मंडल में व्यापारियों के साथ आए दिन लूट, डकैती, अपहरण, रंगदारी की घटनाएं हो रहीं हैं। व्यापारी दहशत में हैं। झिंझाना में व्यापारी अनिल जैन के यहां दिन दहाड़े बदमाशों ने महिलाओं को आतंकित कर लाखों रुपये लूट लिए।
व्यापारियों ने इस घटना का खुलासा किए जाने एवं अपराधियों को सजा दिलाए जाने की मांग की है। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम गर्ग, जयवीर राणा, मुकंद मनोहर गोयल, गगन जैन, नितिन सिंघल, शैलेंद्र भूषण गुप्ता, राजकुमार, अजय शर्मा, रंजीत वालिया, अनिल त्यागी आदि मौजूद रहे।