19 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा से ठिठुरे लोग
सहारनपुर। 19 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से बही ठंडी हवा ने हाड़-मांस कंपा दिए। आम तौर से इतनी तेज हवा फरवरी में चलती है, लेकिन धूप तेज होने के कारण उसका असर कम होता है। लेकिन दिसंबर माह में इतनी तेज रफ्तार से चली हवा ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। इस मौसम को देखते हुए डीएम आलोक कुमार पांडेय ने 23 और 24 को भी शिक्षण संस्थानों में अवकाश की घोषणा कर दी। 25 को क्रिसमस है। ऐसे में 26 दिसंबर को ही शिक्षण संस्थान खुलेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि ठंड और शीतलहर के मद्देनजर डीएम ने यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई से संबद्ध समस्त माध्यमिक स्तर तक के विद्यालयों, महाविद्यालयों, इंजीनियरिंग कॉलेजों, मेडिकल कॉलेजों, जिला औद्योगिक एवं प्रशिक्षण संस्थानों और समस्त पालीटेक्निक संस्थानों में अवकाश घोषित कर दिया है। इस बीच केवल शासन द्वारा निर्धारित परीक्षाएं ही कराई जाएंगी। यदि किसी संस्थान ने आदेश का उल्लंघन किया तो कार्रवाई होगी।
अलाव का लिया सहारा
रविवार को लोग बस अड्डों, रेलवे स्टेशन से लेकर सार्वजनिक स्थलों पर अलाव सेंकते नजर आए। अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस रहा। मिर्जापुर स्थित मौसम वैधशाला के प्रभारी उमेश कुमार ने बताया कि सर्द हवाओं का असर लगातार जारी रहेगा। अगले सप्ताह से हवा की रफ्तार और बढ़ेगी, जो अत्यधिक ठंड का अहसास कराएगी।
हवा की रफ्तार
- सुबह सात बजे से 11 बजे तक : 12 से 16 किलोमीटर प्रति घंटा
- दोपहर 12 बजे से अपराह्न 3 बजे तक : 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटा
- शाम पांच बजे के बाद : 17 से 19 किलोमीटर प्रति घंटा
सहारनपुर में ठिठरती ठंड में निकली धूप में अपने कार्य को जाती युवतियां- फोटो : SAHARANPUR