- फिलहाल सैंपल लेकर गाड़ी और चालकों को छोड़ा गया
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। बजरंग दल के लोगों ने एक सूचना पर हसनपुर चुंगी पर कैराना मीट प्लांट से आ रही मांस से लगी दो डीसीएम को रोक पुलिस को बुला लिया। हिंदू संगठन के लोगों का आरोप था कि गाड़ी में प्रतिबंधित मांस भरा है। पुलिस ने निगम के चिकित्सकों को बुलाकर फिलहाल सैंपलिंग कराई। गाड़ी और उनके चालक, परिचालक को छोड़ दिया गया। रिपोर्ट आने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
मंगलवार की सुबह बजरंग दल के प्रांत प्रावर्तन प्रमुख कपिल मोहडा और मुकुल मोंगा ने एक सूचना पर टीम के साथ मिलकर शामली की ओर से आ रही मांस से लदी दो डीसीएम हसनपुर चुंगी पर रूकवाई। पदाधिकारियों का आरोप था कि उन्हें गाड़ी में मांस लदा होने की सूचना मिली थी। पुलिस को भी तत्काल मौके पर बुला लिया गया। पुलिस ने दोनों डीसीएम के दो चालकों और दो परिचालकों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि यह गाडियां कैराना स्थित एक हिंदू युवक के मीट प्लांट से आई है। इनमें भैंस और कटड़ों का मांस है। जबकि हिंदू संगठन से जुड़े लोग दोनों गाड़ियों में प्रतिबंधित मांस होने का आरोप लगाते रहे।
हंगामा बढ़ते देख पुलिस ने नगर निगम के डॉक्टरों की टीम को बुला लिया। कोतवाली सदर बाजार प्रभारी निरीक्षक रमेश चंद्र का कहना है कि फिलहाल दोनों गाड़ियों से मांस का सैंपल लिया गया है और कागजात भी पूरे मिले। इसलिए गाड़ियों और उनके चालक, परिचालक को फिलहाल जाने दिया गया है। सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद पुलिस आगे की कार्यवाई करेगी।