- 25 वर्ष से सराफा बाजार में है दुकान और माधवनगर में मकान
- पुलिस जांच में जुटी, रिपोर्ट दर्ज कर बंगाल भी भेजी जाएगी टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। सराफा कारोबारियों का डेढ़ करोड़ का सोना लेकर फरार होने वाले कारीगर के मामले में अहम जानकारी मिली है। प्राथमिक जांच में आया है कि कारीगर के बच्चे बीमार हैं, जिसके चलते वह बिना किसी को बताए यहां से चला गया।
कोतवाली मंडी क्षेत्र के सराफा बाजार में दुकान करने वाला संजय कारीगर है। जो आर्डर पर आभूषण तैयार करता है। उसका मकान नगर कोतवाली क्षेत्र के माधवनगर में है। जब सराफा कारोबारियों ने पुलिस को बताया कि चार दिन से कारीगर की दुकान बंद है और फरार है। मकान पर भी ताला लगा और फोन भी बंद है। पुलिस उसके माधवनगर मकान पर गई, जहां पर पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कई दिन से संजय के बच्चे बीमार चल रहे थे और उसकी खुद की तबीयत भी खराब थी। इसके बाद से वह यहां से चला गया है।
कोतवाली मंडी इंस्पेक्टर धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि फिलहाल संजय के भागने के कयास लगाए जा रहे हैं। पड़ोसियों से पता चला है कि वह बीमार की वजह से यहां से गया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। अगर संजय जल्द नहीं लौटा तो रिपोर्ट दर्ज कर बंगाल भी पुलिस टीम को भेजा जाएगा। सराफा कारोबारियों की तहरीर मिल गई है।
हकीकतनगर के सराफा कारोबारी लवी वर्मा ने बताया कि उनके सोने के आभूषण भी संजय के यहां तैयार होते थे। फिलहाल पुलिस से सराफा कारोबारियों ने शिकायत की है।
बंगलूरु में भाई से हुआ था संपर्क, फिर मोबाइल बंद
हकीकतनगर के सराफा कारोबारी लवी वर्मा ने बताया कि कारोबारियों ने संजय के भाई से बंगलूरु में फोन पर संपर्क किया था। तब, उसने बताया था कि वह संजय बात करके बताता है, लेकिन बाद में उसके भाई का मोबाइल फोन नंबर भी बंद हो गया।