बेहट तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में समस्याएं सुनते जिलाधिकारी अखिलेश सिंह
- फोटो : SAHARANPUR
बेहट/रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। बेहट तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम अखिलेश सिंह के समक्ष 80 लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराई। इनमें सर्वाधिक शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित थी। पांच शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के संबंध में संबंधित विभाग के अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश डीएम ने दिए।
राजस्व विभाग से संबंधित 22 शिकायतें दर्ज कराई गई, इनमें गांव उसंड निवासी अजय कुमार एवं देवेंद्र कुमार ने गांव के ही तीन लोगों पर पठानपुरा की तरफ जाने वाली सड़क के दोनों तरफ बनी नाली को बंद करने का आरोप लगाया। हरिपुर निवासी राजकुमार, दलेल, धर्मबीर व अमर सिंह ने तहसीलदार व हलका लेखपाल समेत चार लोगों पर जेसीबी से उनकी फसल नष्ट कराने और पेड़ों को तोड़ने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
इस दौरान डीएम ने शासन की तरफ से 22 गरीब और असहाय लोगों को ठंड से बचाव के लिए कंबलों का वितरण किया। सीडीओ विजय कुमार, एसडीएम दीपक कुमार, तहसीलदार प्रकाश सिंह, सीएमओ संजीव मांगलिक, नायब तहसीलदार अनिल कुमार आदि रहे।
रामपुर मनिहारान तहसील परिसर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 23 शिकायतें आईं। जिनमें से तीन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। तहसीलदार अमित कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में कोई भी लापरवाही न बरती जाए।