सहारनपुर। स्मार्ट सिटी योजना के तहत नगर निगम परिसर में बनने वाले मुख्य जोनल ऑफिस सहित सात परियोजनाओं का शिलान्यास शनिवार को किया गया। इसके लिए नगर निगम में भूमि पूजन भी हुआ, जिसमें महापौर संजीव वालिया और स्मार्ट सिटी सहारनपुर की सीईओ/नगर आयुक्त गजल भारद्वाज सहित स्मार्ट सिटी योजना के कई अधिकारी शामिल हुए।
योजना के तहत सहारनपुर में चार जोनल ऑफिस व राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में स्मार्ट क्लास और अन्य कार्य कराए जाने हैं। इन सभी परियोजनाओं का शनिवार को भूमि पूजन कर शुरुआत की गई। सात परियोजनाओं में जोन एक नुमाइश कैंप में ई-सुविधा केंद्र/जोनल ऑफिस का निर्माण, नगर निगम में मुख्य जोनल ऑफिस का निर्माण, जोन चार हकीकत नगर में ई-सुविधा केंद्र/जोनल ऑफिस का निर्माण, जोन तीन मनोहरपुर में ई-सुविधा केंद्र/जोनल ऑफिस का निर्माण, राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में स्मार्ट क्लास और लैब का निर्माण, डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में पवेलियन का निर्माण आदि शामिल हैं। सातों परियोजनाओं की कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल है, जिसके परियोजना प्रबंधक विकास त्यागी ने बताया कि उक्त योजनाओं पर करीब 20 करोड़ रुपया खर्च होगा। इनके अलावा आंबेडकर स्टेडियम में स्वीमिंग पूल का निर्माण, बॉक्सिंग कोर्ट का निर्माण, राजकीय इंटर कॉलेज में एक बहुउद्देशीय हॉल का निर्माण, ढमोला के पास एक सीवरेज पंपिंग स्टेशन का निर्माण, कान्हा गोशाला में गोबर से पेंट बनाने के प्लांट की भी शनिवार को शुरुआत की गई। परियोजनाओं में स्मार्ट सिटी द्वारा नगर निगम के लिए 40 क्लोज टीपर, 16 हाइड्रोलिक कॉम्पेक्टर, सात ट्रैक्टर तथा चार ट्वीन बिन डंपर की खरीद शामिल हैं।
भूमि पूजन में अपर नगरायुक्त राजेश यादव, स्मार्ट सिटी के कंपनी सचिव शंकर तायल, डीजीएम सिविल दिनेश सिंघल, अधिशासी अभियंता अमरेंद्र गौतम, परियोजना प्रबंधक जितेंद्र सिंह, यूपीपीसीएल के सहायक परियोजना प्रबंधक आकाश चौधरी, अवर अभियंता सुरजीत सिंह, पार्षद प्रतिनिधि सुरेंद्र धवन, पार्षद आशुतोष सहगल, नंद किशोर शर्मा, मनोज जैन, प्रदीप उपाध्याय, रमन चौधरी, मान सिंह जैन, ज्योति अग्रवाल आदि मौजूद रहे।