सहारनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 500 और एक हजार के नोट को अमान्य किए जाने की घोषणा के बाद बाजार में हड़कंप मच गया। बैंक के क्योस्क में लगी जमा करने की मशीनों और एटीएम से रुपये निकालने किए भी लोग लाइनों में लगे दिखे।
कालेधन पर शिकंजा कसने के लिए पीएम मोदी के ऐतिहासिक फैसले के बाद जिले के बाजारों में हड़कंप मच गया। बाजार बंद होने से पहले आए इस फैसला की सूचना आग की तरह फैल गई। लोग पहले एक दूसरे से इसको कंफर्म करने में जुटे रहे। इसके बाद बाजार में 500 और 1000 के नोट का लेनदेन बंद हो गया। बैंक क्योस्क पर लगी मशीनों में नोट जमा करने और एटीएम से निकालने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। कोर्ट रोड, घंटाघर, नेहरू मार्केट में देखते ही देखते एटीएम पर लंबी लाइनें लग गईं। बैंक क्योस्क पर कई ऐसे लोग भी पहुंचे जिनके पास 500-1000 रुपये के नोटों की अच्छी तादाद थी।
बैंक क्योस्क पर पहुंचे मोहित जैन का कहना है कि अचानक आए इस फैसले के बाद उनके कारोबार का कैश ट्रांजेक्शन बंद नहीं हो, इसके लिए वे खाते में बैंक क्योस्क इन नोटों को जमा करने के लिए आए हैं। कोर्ट रोड बैंक क्योस्क पर आए हिमांशु पंवार का कहना है कि इस नए फैसले को लेकर असमंजस की स्थिति है। ऐसे में हमारे घर में रखे नोटों को खाते में जमाकर उसे खराब होने से बचाने आया हूं।
उद्यमी मुकुंद मनोहर गोयल का कहना है कि इस निर्णय को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने से बाजार में अफवाहों का बाजार गर्म हो गया था। उनका कहना है कि गनीमत यह है मंगलवार की वजह से शहर में साप्ताहिक बंदी है। ऐसे में ज्यादातर व्यापारियों का कैश ट्रांजेक्शन नहीं हुआ। उधर कुछ लोगों ने इसे काले धन पर शिकंजा कसने का तरीका बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फैसले की सराहना की है।
घबराए नहीं, पहले नियमों को समझें
सहारनपुर। पीएम मोदी के इस ऐतिहासिक फैसले के बाद अफवाहों का बाजार गर्म हो गया है। बैंक अधिकारी मनमोहन सूद का कहना है कि इससे घबराए नहीं, बल्कि अपने बैंक से नए नियम की पूरी जानकारी लें। 500 और एक हजार के नोट को खाते में जमा करने की छूट दी गई है।