पुलिस लाइन मैदान में पासिंग आउट परेड में भाग लेते आरक्षी।
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। पुलिस लाइन में बृहस्पतिवार को 198 प्रशिक्षु आरक्षियों ने पासिंग आउट परेड का भव्य प्रदर्शन किया। श्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर आरक्षियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल ने परेड का निरीक्षण किया और सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस जवान अनुशासन, धैर्य और समर्पण का परिचय देते हुए अपने कर्तव्यों का पालन करें।
बृहस्पतिवार को पासिंग आउट परेड और दीक्षांत समारोह का आयोजन पहले सुबह से ही होना था। मगर खराब मौसम के कारण इसे दोपहर में कराया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. एस चनप्पा के दिशा निर्देशन में आरक्षी जवानों ने परेड प्रदर्शन किया। प्रशिक्षण के सभी विषयों में आरक्षी निशांत शर्मा ने 1350 में से 1026 अंक लेकर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। अंत: विषयों में अंकुर सिरोही, बाह्य विषयों में निशांत शर्मा और साक्षात्कार में अक्षय कुमार ने श्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उन्हें स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनके अलावा आरक्षियों को कुशल प्रशिक्षण के लिए भी आरटीसी प्रभारी, उप निरीक्षक, पीटीआई सहित अन्य टीमें सम्मानित की गईं। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ये आरक्षी पीएसी में अलग-अलग क्षेत्रों में सेवाएं देंगे। एसएसपी डॉ. एस चनप्पा ने डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल को स्मृति चिह्न प्रदान किया। इस दौरान एसपी सिटी विनीत भटनागर, सहायक पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, प्रतिसार निरीक्षक अजय कुमार श्रीवास्तव, आरटीसी प्रभारी विनोद कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।