बेहट रोड पर निगम की भूमि पर उगाई गई धान की फसल का निरीक्षण करते राजस्व टीम।
- फोटो : amar ujala
सहारनपुर में नगर निगम द्वारा कचरा प्रबंधन के लिए बेहट रोड पर खरीदी गई भूमि पर कुछ लोगों ने धान की फसल उगा दी और निगम के अधिकारियों को भनक तक नहीं लगी। फसल को बोए तीन माह से अधिक का समय बीत चुका है और नगर निगम के अधिकारियों को अब इसका पता चला है, जबकि उक्त स्थल पर निगम के अधिकारी लगातार दौरा करते रहे हैं। अब निगम के अधिकारी कार्रवाई की तैयारी में जुटे हैं।
कचरा प्रबंधन के लिए नगर निगम ने करीब तीन साल पहले बेहट रोड पर 52 बीघा भूमि खरीदी थी। उक्त भूमि पर चहारदीवारी आदि का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके अलावा निगम ने इसी के बगल में 36 बीघा भूमि और खरीदी थी। उक्त भूमि पर कई खातेदार हैं और अभी तक कुर्रे की कार्रवाई पूर्ण नहीं हो सकी है, लेकिन नगर निगम ने अपने हिस्से की 36 बीघा भूमि पर कब्जे के लिए चारों ओर सीमेंट के पोल खड़े किए हुए हैं।
इतना होने के बावजूद अन्य खातेदार ने उक्त भूमि पर धान की फसल उगाई हुई है, जिसको बोए तीन माह से अधिक का समय बीत चुका है। नगर निगम के अधिकारियों को इसका पता अब चला है। निगम के राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर जाकर भूमि का मुआयना किया तो वहां धान की फसल खड़ी मिली, जो अगले एक माह में कट जाएगी।
यह भी पढ़ें: सनसनीखेज वारदात से दहला मेरठ: PNB बैंक के मैनेजर की गर्भवती पत्नी और बेटे की हत्या, बेड में बंद किए शव
राजस्व विभाग ने इसकी रिपोर्ट मय वीडियोग्राफी अधिकारियों को सौंप दी है, जिसके बाद निगम के अधिकारी उक्त भूमि को लेकर अगली कार्रवाई की तैयारी में हैं। उधर, नगर निगम के संपत्ति अधिकारी दिनेश यादव का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है और अभी राजस्व विभाग ने कोई रिपोर्ट भी उन्हें नहीं सौंपी है। यदि निगम की भूमि पर किसी ने धान उगाए हुए हैं तो निगम इसमें नियमानुसार कार्रवाई करेगा।
यह भी पढ़ें: देवर की करतूत: भाभी पर डाला खोलता हुआ पानी, मैगी बनाने से मना कर रहा था मना, जानें पूरा मामला