सहारनपुर। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, माल वाहन, डग्गामार और ओवरलोड वाहनों पर संभागीय परिवहन विभाग ने सीज की कार्रवाई की है। जिन पर तीन लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया। चेकिंग होने से वाहन चालकों में हडक़ंप मचा रहा।
शनिवार को उप जिलाधिकारी बेहट दीपक कुमार के साथ एआरटीओ प्रवर्तन आरपी मिश्रा ने बेहट में चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान तीन ओवरलोड ट्रक बेहट कोतवाली में बंद कराए। इसके अतिरिक्त चार ओवरलोड वाहनों को सीज किया। इनमें ट्रक भी शामिल है। इन सभी पर दो लाख रुपये से अधिक का जुर्माना किया। साथ ही शासन के निर्देशानुसार ट्रैक्टर-ट्राली और अन्य माल वाहनों पर चलने वाले यात्रियों को जागरूक किया गया। आठ ऐसे वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। जिनके द्वारा यात्रियों को लेकर लाया जा रहा था। इसके अलावा रोडवेज के एआरएम एलके द्विवेदी के साथ डग्गामार वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 15 वाहनों का चालान किया और उनमें से तीन वाहनों को सीज किया। यह सभी वाहन परमिट शर्तों का उल्लंघन करते हुए संचालित हो रहे थे। इन पर एक लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया।