सहारनपुर। 15 और 16 अक्तूबर को होने वाली उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक योग्यता परीक्षा में परिवहन निगम 221 अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा। यह बसें बागपत, बिजनौर, शामली और मेरठ रूट पर चलेंगी। इसको लेकर परिवहन निगम तैयारियों में जुट गया है।
जनपद में प्रारंभिक योग्यता परीक्षा के लिए 19 केंद्र बनाए गए हैं। दो दिन होने वाली परीक्षा में 35 हजार 616 अभ्यर्थी शामिल होंगे। जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग परीक्षा को लेकर तैयारियों में जुटा हुआ है। खास बात यह है कि सभी केंद्र शहर में हैं। ऐसे में भीड़ अधिक रहेगी। परीक्षा को लेकर परिवहन निगम ने भी कमर कस ली है। परीक्षा के दोनों दिन परिवहन निगम ने अतिरिक्त बसों को चलाने का निर्णय लिया है। सहारनपुर डिपो की 110 अतिरिक्त बसों का संचालन बिजनौर, बागपत और मेरठ रूट पर होगा। इसी तरह मुजफ्फरनगर डिपो की 88 बसें बिजनौर और शामली रूट पर चलेंगी। शामली डिपो की 23 बसों का संचालन सहारनपुर व शामली के बीच होगा। इन डिपो के अन्य रूटों पर बसों की संख्या कम कर दी जाएगी। अतिरिक्त बसों का संचालन होने से पेपर देने आने वाले अभ्यर्थियों को परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। परिवहन निगम परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल कुमार ने बताया कि सहारनपुर में 15 व 16 अक्तूबर को प्रारंभिक योग्यता परीक्षा होगी। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए परिक्षेत्र के तीन डिपो से 221 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी।