हादसे में क्षतिग्रस्त हुई कार।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर के सरसावा में रविवार की रात एक कार के ऊपर धान की बोरियों से भरी ट्राली पलटने से कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। हादसे के बाद ट्राली चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
रविवार रात लगभग नौ बजे ग्राम शाहजहांपुर में एक कार के ऊपर एक ट्राली पलट गई। अनिल कुमार ने बताया कि वह अपने साथी बहादुर सिंह 45 वर्ष पुत्र जागीर सिंह निवासी थाना छप्पर यमुनानगर के साथ सहारनपुर से कार में अपने घर लौट रहे थे।
जैसे ही वे ग्राम शाहजहांपुर पहुंचे रेलवे फाटक को पार कर धान की बोरियां से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली आई। जिसे देखकर उन्होंने अपनी कार रोक ली। लेकिन ट्राली चालक अपना नियंत्रण खो बैठा तथा ट्राली उनकी कार के ऊपर पलट गई, जिसमें कार क्षतिग्रस्त हो गई और वे दोनों कार में ही दब गए।
लोगों ने उन्हें किसी प्रकार से कार से बाहर निकाला तथा अस्पताल पहुंचाया, जहां बहादुर सिंह की मौत हो गई। एसओ सरसावा यशपाल सिंह धामा ने बताया कि हादसे के बाद सड़क पर जाम लग गया तथा ट्रैक्टर-ट्राली चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। तहरीर के आधार पर मुकदमा लिख दिया गया है तथा मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।