सहारनपुर। मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहने के बाद शाम सात बजे झमाझम बारिश हुई। इससे पहले सोमवार की रात में हुई बारिश 65 मिलीमीटर दर्ज की गई।
जनपद में मौसम विभाग ने कई दिन से बारिश बता रखी है, लेकिन बारिश कहीं बरस रही है तो कहीं नहीं। सोमवार की रात नौ बजे कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश रही, जबकि कुछ हिस्से सूखे रहे। बाद इसके बाद रात करीब 12 बजे फिर बूंदाबांदी शुरू हुई, जो एक बजे तक होती रही। सुबह करीब पांच बजे भी बूंदाबांदी रही। पहाड़ी क्षेत्र में अधिक बारिश हुई। मौसम वेधशाला मिर्जापुर में रातभर की बारिश 65 मिलीमीटर दर्ज की गई। मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहे। कई बार लगा कि बारिश होगी, लेकिन नहीं हुई। शाम सात बजे अचानक पूरे जनपद में झमाझम बारिश हुई।
न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट रही और वह 27 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान में भी एक ही डिग्री सेल्सियस की कमी रही और वह गिरकर 31 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। मौसम विभाग ने मंगलवार की रात भी बारिश होने का अनुमान जताया है। मिर्जापुर स्थित मौसम वेधशाला के प्रभारी अमीर आलम का कहना है कि बुधवार को भी बारिश की संभावना है। उन्होंने अगले कई दिन तक मौसम के ऐसे ही बने रहने का अनुमान जताया है।