सहारनपुर। साल दर साल हादसे हो रहे हैं, असमय ही लोगों की जान जा रही है। हादसों में सबसे ज्यादा मौतें वाहनों की तेज गति से हो रही हैं। खासकर दुपहिया वाहन को तेज रफ्तार में दौड़ाना जान को जोखिम में डाल रहा है। एक साल के भीतर हुए हादसों में अब तक 300 से ज्यादा लोगों की जान चली गई, जिसमें सबसे ज्यादा मौत 167 ओवर स्पीड के कारण ही हुई है। दूसरे नंबर पर 83 मौत लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुई है।
यह आंकड़ा मंडलायुक्त एवी राजमौलि के निर्देश पर तैयार हुआ है, जिसमें हादसों के 18 कारण सामने आए हैं। कारण भी ऐसे हैं जिनसे बचाव के लिए लोगों को समय समय पर जागरूक किया जाता है। बावजूद इसके ऐसी लापरवाही बरती जा रही है, जिससे लोगों की असमय मौत हो रही है। वहीं, राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह चल रहा है। ट्रैफिक पुलिस और संभागीय परिवहन विभाग के अधिकारियों द्वारा वाहन चालकों को जागरूक किया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान भी काटे जा रहे हैं। एक महीने में करीब एक हजार से अधिक वाहनों के चालान काटे जा चुके हैं। उपसंभागीय परिवहन अधिकारी आरपी मिश्रा का कहना है कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत वाहन चालकों को जागरूक किया गया। पैंफलेट वितरण हुआ तो, नुक्कड़ नाटक के जरिये भी जागरूक करने का प्रयास हुआ। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी हो रही है, मगर लोग समझने और सुधरने को तैयार नहीं हैं।
हादसों के कुछ उदाहरण
- 07 जनवरी 2021 -- बेहट रोड पर बाबेल बुजुर्ग के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई।
- 22 दिसंबर 2020 -- कलसिया रोड पर बुबका गांव के मोड़ के पास ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से बाइक सवार दंपती की जान चली गई।
- 06 नवंबर 2020 -- देहरादून हाईवे पर सुंदरपुर से जसमौर जाने वाले मार्ग पर ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से बाइक सवार महिला और उसके देवर की मौत हुई।
हादसों में मरने वालों और घायलों का आंकड़ा
- दुर्घटना का कारण घायलों की संख्या दुर्घटना में मृत्यु
- ओवर स्पीड 315 167
- लापरवाही से वाहन चलाना 94 83
- कोहरा अधिक होने से 101 24
- ओवरलोडिंग 53 16
- गलत पार्किंग 45 13
- खराब सड़क 11 08
- मोड़ पर संकेतक न होने से 25 06
- रिफ्लेक्टर न लगा होने से 06 01
- नशे में वाहन चलाने से 13 08
- स्टंट करने के कारण 15 11
- चालक को नींद आने से 11 03
- हेलमेट न पहनने से 11 07
- जानवर आगे आने से 17 08
- गलत साइड में ड्राइविंग 18 06
- ड्राइविंग के समय मोबाइल प्रयोग 07 03
- वाहन में खराबी के कारण 07 07
- बारिश में वाहन फिसलने से 06 00
योग 755 371