सहारनपुर। सरकार ने विद्युत निगम की एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) को 16 जनवरी तक बढ़ा दिया है। ऐसे में जिले के 3.39 लाख से अधिक बिजली बकायेदारों को राहत मिलेगी। अभी तक इस योजना का 1,08,693 उपभोक्ताओं ने ही लाभ लिया है। इनसे विद्युत निगम को 166.16 करोड़ रुपये का राजस्व आया है।
जिले में 6.89 बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें से 4.48 लाख ऐसे हैं, जिन पर 1711 करोड़ रुपये बकाया चल रहा। बकाया जमा कराने के लिए सरकार ने आठ नवंबर से एकमुश्त समाधान योजना शुरू की थी। तीन चरणों में यह योजना चली। जिसकी अंतिम तिथि 31 दिसंबर थी। शासन ने एकमुश्त समाधान योजना की अवधि को 16 जनवरी तक कर दिया है। बिजली बकायेदार 16 जनवरी की रात 12 बजे तक पंजीकरण कराकर बिल में छूट पा सकते हैं। जिले में अभी 3,39,307 उपभोक्ताओं पर बकाया बाकी है। मुख्य अभियंता एके आत्रेय ने बताया कि उपभोक्ताओं की कुल 50 करोड़ की धनराशि का सरचार्ज माफ किया गया है।
फैक्ट फाइल
घरेलू श्रेणी
बकायेदार उपभोक्ता- 3,87,421
लाभ लेने वाले उपभोक्ता - 94,288
बकाया जमा - 123.73 करोड़
सरचार्ज माफी - 34 करोड़
वाणिज्यिक श्रेणी
बकायेदार उपभोक्ता- 23,931
लाभ लेने वाले उपभोक्ता - 5,735
बकाया जमा - 5.74 करोड़ रुपये
सरचार्ज माफी - 1.4 करोड़ रुपये
निजी नलकूप श्रेणी
बकायेदार उपभोक्ता - 35,948
लाभ लेने वाले उपभोक्ता - 8,420
बकाया जमा - 36.03 करोड़ रुपये
सरचार्ज माफी - 14.5 करोड़ रुपये
छोटे एवं मध्यम कारखाने श्रेणी
बकायेदार उपभोक्ता - 685
लाभ लेने वाले उपभोक्ता - 211
बकाया जमा - 0.55 करोड़
सरचार्ज माफी - 0.10 करोड़