शातिर अपराधियों की मौजूदगी के चलते सहारनपुर कारागार का माहौल बेहद संवेदनशील है। इसके बावजूद जेल के अंदर अवैध धंधे संचालित हो रहे हैं। एसएसपी की गोपनीय जांच में जेल में इसका खुलासा हुआ है।
यह पूरी रिपोर्ट शासन को भेजी जा रही है। बड़ी बात यह है कि जेल के अंदर अपराधी मोबाइल तक का धड़ल्ले से इस्तेमाल कर रहे हैं। लंबे समय से खुफिया रिपोर्ट जेलों में गैंगवार की आशंका जाहिर कर रही हैं। बावजूद इसके प्रशासन जेल के अंदर चल रही अवैध गतिविधियों से अनजान बना हुआ है।
एसएसपी ने जिला जेल की एक खुफिया रिपोर्ट तैयार कराई है। रिपोर्ट बेहद चौंकाने वाली है, इसमें साफ किया गया है कि जेल में कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है। इसमें जेल के अंदर चल रहे नंबरों की जानकारी दी गई है। जेल के अंदर से अपराधी लगातार फोन का उपयोग कर रहे हैं।
जेल के अंदर पैसे लेकर फोन तक कराए जा रहे हैं। इसके अलावा नशीले पदार्थ तक पहुंच रहा है। आपको बता दें कि सहारनपुर सहित वेस्ट यूपी के जेलों में शातिर अपराधियों के बंद होने के चलते गैंगवार की आशंका जाहिर की जा रही है। ऐसे में जेलों पर विशेष निगाह तक बात कही गई थी। मगर, प्रशासन की लापरवाही से जेल के अंदर अवैैध गतिविधियां चल रही हैं।
कुछ नंबर सर्विलांस पर भी
जेल के अंदर एक्टिव नंबर से इनपुट जुटाने के लिए पुलिस ने कवायद शुरू कर दी है। जेल के अंदर कुछ नंबर की लिस्ट भी एसएसपी के पास पहुंची है। इन नंबर को सर्विलांस पर लेकर उनकी जांच कराई जा रही है। जेल के अंदर किन लोगों को फोन किए गए हैं।
जिला जेल की जांच कराई गई है और इसके आधार पर औचक निरीक्षण कर उनके सत्यापन किया जाएगा। इस रिपोर्ट को शासन को भेजा जा रहा है।
- प्रदीप कुमार यादव, एसएसपी