सहारनपुर के जेवी जैन डिग्री कॉलेज में एडमिशन करवाते छात्र छात्राएं
-पहली ओपन मेरिट के दाखिलों के लिए बुधवार की सुबह दस से दोपहर दो बजे तक का था समय
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए जारी पहली ओपन मेरिट के दाखिले बुधवार को हुए। जिसके बाद जेवी जैन कॉलेज में बीकॉम की सीटें फुल हो गई हैं। यहां बीए और बीएससी में कुछ प्रतिशत सीटें बची हैं। महाराज सिंह कॉलेज में भी दाखिलों के लिए भीड़ रही।
जेवी जैन कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष में 578 सीट हैं, जिनमें से बुधवार तक 560 सीट भरी जा चुकी हैं। यानी 96.86 फीसदी दाखिले हाे चुके हैं। शेष सीटों पर प्रवेश के लिए अब दूसरी ओपन मेरिट का इंतजार रहेगा। बीएससी प्रथम वर्ष में यहां कुल 231 सीट हैं, जिनमें से बुधवार तक 194 सीट भरी जा चुकी हैं। यानी 83.98 फीसदी सीटें भरी गई हैं। रिक्त सीटों को भरने के लिए दूसरी ओपन मेरिट का इंतजार है। बीकॉम में 290 सीट हैं और बुधवार सभी सीटें फुल हो गईं। उधर, महाराज सिंह कॉलेज में भी बुधवार को पहली ओपन मेरिट के दाखिले लेने के लिए अभ्यथी्र पहुंचे। महाराज सिंह कॉलेज में बीए की 37 सीट खाली थी, जिनमें से 22 दाखिले बुधवार को हुए। बीएससी गणित में 30 सीट खाली थी, जिनमें से 24 प्रवेश बुधवार को हुए। बीएससी बायोलॉजी में 15 सीट खाली थी और 13 दाखिले बुधवार को हुए। रिक्त सीटों के लिए दूसरी ओपन मेरिट का इंतजार है। मुन्नालाल कॉलेज में भी बुधवार को ओपन मेरिट के दाखिले हुए, लेकिन कम ही छात्राएं पहुंचीं।
-
प्रयोगात्मक परीक्षा 11 अगस्त को होगी
सहारनपुर। मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय ने विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी महाविद्यालयों के बीएससी पहले, दूसरे और तीसरे सेमेस्टर के विद्यार्थियों की वनस्पति विज्ञान विषय की प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए महाराज सिंह कॉलेज को केंद्र बनाया है। महाराज सिंह कॉलेज में उक्त परीक्षा 11 अगस्त की सुबह दस बजे से हेागी। विभागाध्यक्ष डॉ. रीतू अग्रवाल ने संबंधित परीक्षार्थियों को ओनलाइन फीस स्लिप की प्रति, प्रवेश पत्र, जिस सेमेस्टर की परीक्षा होनी है उसी सेमेस्टर की अंकतालिका की छायाप्रति लेकर पहुंचने को कहा है।