सहारनपुर में आशा मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल में सीबीएसई नार्थ जोन फुटबाल टूर्नामेंट (बालिका वर्ग) का बृहस्पतिवार को आगाज हो गया। तीन दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में यूपी और उत्तराखंड की लगभग 20 टीमों ने प्रतिभाग किया।
जनता रोड स्थित स्कूल में आयोजित टूर्नामेंट का शुभारंभ मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कोच दिनेश जयमोन, सीबीएसई निरीक्षक अनूप राठी, आशा मॉर्डन स्कूल की चेयरपर्सन आशा जैन, डॉ. पीडी गर्ग, विद्यालय के निदेशक भव्य जैन और प्रधानाचार्य सीमा सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
स्कूल के छात्र-छात्राओं ने मार्च पास्ट करते हुए अतिथियों को सलामी दी। तत्पश्चात निदेशक भव्य जैन ने खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई। सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुतियों से कार्यक्रम का आरंभ किया गया।
विद्यार्थियों ने योगा, गणपति वंदना, पीटी आदि की उम्दा प्रस्तुतियां दी। टूर्नामेंट के पहले दिन का मैच अमेटी इंटरनेशनल स्कूल नोएडा और डीपीएस गाजियाबाद की टीम के बीच हुआ। तत्पश्चात नोएडा की एससीडीएवी और सहारनपुर की सरस्वती विहार टीम में मुकाबला हुआ।
अगला मुकाबला नोएडा के लोटस वैली स्कूल और छुटमलपुर के डैलमांड स्कूल की टीम के बीच हुआ। पहले दिन का अंतिम मैच आशा मॉडर्न स्कूल और थाना भवन के अर्पण एकेडमी के बीच हुआ।
टूर्नामेंट में लार्ड महावीरा एकेडमी, आशा मॉडर्न स्कूल, सरस्वती विहार, ज्ञानकलश इंटरनेशनल एकेडमी, डैलमोंड आदि स्कूलों की टीमों ने हिस्सेदारी की। संचालन खेल प्रशिक्षक अमित चौधरी और दीप्ति जैन ने किया।
इस दौरान मनु मल्होत्रा, संजीव मेहंदीरत्ता, एमपी सिंह, एके सिंह, डीके शर्मा, गौरव पराशर, अनुज शर्मा, शिवकुमार, सोनू भट्ट, अभिषेक, दिवेश, ओंकार तोमर, आरके शर्मा, सतीश कुमार, शुभम त्यागी, अमन आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।