सहारनपुर। महाविद्यालयों में संचालित परास्नातक (पोस्ट ग्रेजुएट) पाठ्यक्रमों में सत्र 2022-23 में प्रवेश सोमवार से शुरू हो गए। हालांकि पहले दिन ज्यादातर अभ्यर्थी मेरिट लिस्ट में अपना नाम देखने पहुंचे। गिने चुने ही अभ्यर्थी दाखिला ले सके। मंगलवार से दाखिलों की गति बढ़ने का अनुमान है। पहली मेरिट के दाखिले 12 अक्तूबर तक होंगे।
विश्वविद्यालय ने रविवार नौ अक्तूबर को मेरिट लिस्ट जारी कर दी थी, जिसे महाविद्यालयों ने सोमवार को अपने नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दाखिले की प्रक्रिया शुरू कर दी। दाखिले परास्नातक पाठ्यक्रमों (एलएलएम, एमएड, एमपीएड, बीपीएड को छोड़कर) में शुरू हुए हैं। दाखिले तीन दिन 10, 11 और 12 अक्तूबर को होने हैं। जेवी जैन कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर वकुल बंसल ने बताया कि मेरिट लिस्ट नोटिस बोर्ड और महाविद्यालय की वेबसाइट पर चस्पा की जा चुकी है। पहले दिन ज्यादातर अभ्यर्थी मेरिट लिस्ट देखने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि सोमवार को कम ही दाखिले हुए हैं। मंगलवार को संख्या बढ़ने की उम्मीद है। उधर, विश्वविद्यालय के प्रवेश समन्वयक ने बताया कि दूसरी मेरिट लिस्ट 16 अक्तूबर को जारी होगी, जिसके दाखिले 17, 18 और 19 अक्तूबर को होंगे। ओपन मेरिट 30 अक्तूबर को जारी होगी।
बताया कि पहली मेरिट में जो अभ्यर्थी शामिल हैं उनको मोबाइल द्वारा संदेश भेजा जा चुका है। मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने की सूचना मिलने के बाद अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर अपनी लॉगिन आईडी एवं पासवर्ड की सहायता से ऑफर लेटर डाउनलोड कर प्रक्रिया में शामिल हों। ऑफर लेटर रजिस्ट्रेशन फार्म एवं सभी शैक्षिक एवं अन्य आरक्षण आदि संबंधी अभिलेखों की प्रमाणित छाया प्रति, मूल अभिलेख, फोटो आदि लेकर संबंधित महाविद्यालय में प्रवेश लेना होगा। अभ्यर्थी को उसके द्वारा दी गई प्रथम वरीयता का महाविद्यालय/संस्थान मिलने पर प्रवेश नहीं लेने की स्थिति में सीट रिक्त रहने की स्थिति में ही ओपन मेरिट में प्रवेश का अवसर मिल सकता है।