जिला अस्पताल स्थित ऑक्सीजन प्लांट
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। कोरोना से बचाव को लेकर शासन स्तर से ऑक्सीजन प्लांटों पर नजर रखी जा रही है। जिले में पीएम केयर के ऑक्सीजन प्लांटों की दिल्ली से ऑनलाइन निगरानी हो रही है। इसके साथ ही ऑक्सीजन प्लांट की सक्रियता, बेड, वेंटिलेटर, बेड और ऑक्सीजन की आपूर्ति की नियमित रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड की जा रही है।
कोरोना की दूसरी लहर में ऑक्सीजन की डिमांड बढ़ी और लोगों को ऑक्सीजन के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा। उसके बाद से जिले में एकाएक ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किए गए। अब स्थिति यह है कि जिले में 16 ऑक्सीजन प्लांट संचालित हैं। उनमें राजकीय मेडिकल कॉलेज, एसबीडी जिला अस्पताल और महिला अस्पताल में पीएम केयर से लगे हैं। खास बात यह है कि इन अस्पतालों के ऑक्सीजन प्लांट में लगी ट्रैकिंग डिवाइस से ऑनलाइन निगरानी की जा रही है। अगर ऑक्सीजन प्लांट में कोई दिक्कत आती है तो तुरंत दिल्ली बैठे अफसरों को पता लग जाती है।
जिले में जो ऑक्सीजन प्लांट पीएम केयर से लगे हुए हैं, उनमें ट्रैकिंग डिवाइस लगी हुई है, उसके जरिए दिल्ली में बैठे अधिकारी ऑनलाइन ऑक्सीजन प्लांट देख सकते हैं। साथ ही तकनीकी दिक्कत होती है तो पकड़ ली जाती है।
- डॉ. संजीव मांगलिक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी