सहारनपुर। राज्य महिला आयोग की सदस्य सपना कश्यप ने सर्किट हाउस में महिला जनसुनवाई की। इस दौरान उनके समक्ष अलग-अलग विभागों के 15 मामले सामने आए। इनमें से एक शिकायत का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि अन्य मामलों को जल्द निस्तारित करने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को महिला आयोग की सदस्य ने महिला उत्पीड़न की रोकथाम एवं पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के लिए जनसुनवाई की। उन्होंने 15 मामलों को सुना, जिसमें से पांच मामले घरेलू हिंसा महिला थाना, पांच ही मामले पुलिस विभाग, तीन मामले राजस्व विभाग, आबकारी विभाग व विद्युत निगम का एक-एक मामला आया। एक मामले का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया। अन्य मामलों को निस्तारण के अधिकारियों को निर्देश दिए। मामलों में फालोअप लेते हुए निस्तारण आख्या से उन्हें अवगत कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने महिला कल्याण, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से संचालित होने वाली योजनाओं की समीक्षा की। एसएसपी से मिलकर बताया कि राज्य महिला आयोग के समक्ष प्रस्तुत प्रकरणों में से ज्यादातर प्रकरण पुलिस विभाग से संबंधित होते हैं। इस मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट गजेंद्र कुमार, सीओ रूचि गुप्ता, डीपीओ अभिषेक पांडेय आदि रहे।