सहारनपुर में चिलकाना गंदेवड मार्ग पर शाकुंभरी शुगर मिल टोडरपुर के पास दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए।
बेहट क्षेत्र के गांव फतेहपुर का रहने वाला विपिन कुमार उगरपुर गांव स्थित ओवरहेड टैंक पर ऑपरेटर का काम करता था। विपिन परिवार सहित उगरपुर में ही रहता था। रविवार दोपहर बाद वह पत्नी राजेश व बेटी राधा के साथ बाइक से अपने गांव जा रहा था। जैसे ही वह टोडरपुर शुगर मिल पर पहुंचा तो सामने से आ रहे बाइक सवार से उसकी भिड़ंत हो गई।
हादसे में विपिन (35) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी राजेश (32) व बेटी राधा (14) गंभीर रूप से घायल हो गई। दूसरी बाइक सवार राशिद पुत्र तैयब निवासी टोडरपुर भी गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। मृतक की तीन बेटियां व एक बेटा है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।