- लूट की योजना बना रहे बदमाशों से पुलिस की हुई मुठभेड़
संवाद न्यूज एजेंसी
सिखेड़ा (मुजफ्फरनगर)। गांव भंडूर में रजबहे की पुलिया के पास लूट की योजना बना रहे बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। वहीं मौके से भाग रहे उसके दूसरे साथी को घेरकर पुलिस ने पकड़ लिया।
थाना सिखेड़ा प्रभारी सचिन कुमार शर्मा ने बताया कि बुधवार अल सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि गांव भंडूर में रजबहे की पुलिया के पास दो बदमाश लूट की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की। जहां पुलिस से घिरा देखकर बदमाशों ने फायर कर दिया। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जो एक बदमाश के पैर में लगी। जिसके बाद पुलिस ने दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस पूछताछ में दोनों बदमाशों ने अपने नाम राहुल पुंडीर पुत्र किरण पाल सिंह निवासी तिलफरा, थाना ननौता जनपद सहारनपुर तथा गोलू उर्फ प्रयास मीणा पुत्र राजेश मीणा निवासी पालनपुर थाना हिंडौन जनपद करौली राजस्थान बताए। पुलिस द्वारा बदमाशों के पास से एक बाइक, दो तमंचे व कारतूस बरामद किए गए।