शाकंभरी सिद्वपीठ में माता के दर्शनों को उमड़े श्रद्वालु
- फोटो : SAHARANPUR
शाकंभरी (सहारनपुर)। शिवालिक पर्वत शृंखलाओं के मध्य स्थित सिद्धपीठ शाकंभरी देवी भवन शारदीय नवरात्र की सप्तमी पर मां के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा। बड़ी संख्या में भक्तों ने माता के दर्शन कर प्रसाद चढ़ाया।
रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण श्रद्धालुओं की सुबह से ही माता के दर्शन के लिए लंबी लाइन लगनी शुरू हो गई थी। श्रद्धालुओं में उत्साह ऐसा था कि धूप और गर्मी की परवाह किए बगैर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। मुख्य मंदिर के कपाट खुलने से लेकर बंद होने तक मां के जयकारे गूंजते रहे। वहीं सिद्धपीठ परिक्षेत्र में रात को ठहरने वाले श्रद्धालु सुबह होते ही दर्शनों हेतु लाइन में लग गए थे। भूरा देव पर भी भीड़ की लगभग यही स्थिति रही।
सहारनपुर से लेकर बेहट-शाकंभरी सहित सभी मार्गों पर मां का कीर्तन एवं जयकारे करते हुए भक्तों की टोलियां सिद्धपीठ की ओर जा रही थी। हालांकि पुलिस प्रशासन ने पहले ही श्रद्धालुओं के वाहनों को गांव नागलमाफी में ही रोक दिया गया था। वहां से श्रद्धालु पैदल ही आगे जा रहे थे। एसडीएम बेहट दीपक कुमार ने मेले में पहुंच व्यवस्थाओं का जायजा लिया।