गन्ना मूल्य पांच सौ रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग उठाई
संवाद न्यूज एजेंसी
छुटमलपुर। किसान मजदूर यूनियन लठैत की बैठक में विद्युत निगम द्वारा नलकूपों पर लगाए जा रहे मीटरों को उतारने मांग उठाई। वहीं, गन्ने का भाव वर्तमान पेराई सत्र में पांच सौ रुपये प्रति क्विंटल करने पर जोर दिया।
कैंप कार्यालय पर आयोजित बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय पुंडीर ने कहा कि विद्युत अधिकारी किसानों के नलकूपों पर लगे मीटर खुद ही उतरवा लें। उन्होंने कहा कि बकाया गन्ना मूल्य भुगतान तत्काल करने के साथ ही वर्तमान पेराई सत्र में गन्ने का भाव पांच सौ रुपये प्रति क्विंटल किया जाए। उन्होंने कहा कि किसान को भी अपनी फसलों का दाम खुद तय करने का अधिकार सरकार दे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतिनिधि वीरेंद्र राणा और तहसील प्रभारी कुशल सिंह कांबोज ने कहा कि मौसम की मार के चलते धान की फसल में इस साल लागत भी पूरी नहीं हुई है। ऐसे में धान क्रय केंद्र पर बिना किसी नियम शर्तों के सभी किसानों से खरीदा जाए।
जिला प्रभारी वाजिद अली ने कहा कि फतेहपुर भादो में एक भूमाफिया द्वारा मस्जिद और ग्राम पंचायत की जमीन पर कब्जा किया हुआ है। इसे कब्जा मुक्त कराने के लिए जल्द ही एसडीएम बेहट को प्रार्थना पत्र दिया जाएगा। बैठक में हाजी सलीम अहमद, अनिल राणा, राजेश शर्मा, राजवीर कांबोज, डॉ. सोमवीर सिंह, बंटी सैनी, राजेश धीमान, तुषार शांडिल्य, कलम सिंह आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।