सहारनपुर: पुलिस लाइन में मेस का निरीक्षण करते एडीजी राजीव सभरवाल
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। एडीजी ( अपर पुलिस महानिदेशक) मेरठ जोन राजीव सब्बरवाल ने बुधवार सुबह दस बजे पुलिस लाइन में स्थापित मंडल स्तरीय साइबर थाने का शुुुुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस थाने से सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर जिलों के साइबर अपराध के मामलों में जांच और कार्रवाई होगी। एक लाख से अधिक की साइबर ठगी के अलावा जटिल स्तर के साइबर मामलों की विवेचना कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में साइबर अपराध बढ़े हैं। थाना संचालित होने से साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसा जा सकेगा।
एडीजी ने बताया कि इस समय जितनी जरूरत साइबर अपराधों पर नियंत्रण की है। उतनी ही जरूरत आधुनिक प्रशिक्षण की है। इसलिए इस टीम को समय-समय पर प्रशिक्षण भी दिलवाया जाएगा। इस दौरान डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल ने भी कहा कि इससे साइबर अपराध से जुड़ी बड़ी घटनाओं के खुलासे में पुलिस को काफी मदद मिलेगी। एसएसपी डॉ. एस चनप्पा ने बताया कि साइबर थाने के कुछ काम अभी पूरे कराए जाने हैं। उन्हें भी जल्द पूरा कराया जाएगा। इनमें लखनऊ से मेल आईडी का पंजीकरण सहित अन्य काम शामिल हैं।
साइबर थाने में 14 पुलिसकर्मियों की तैनाती
सहारनपुर। साइबर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि यहां तीन मुख्य कक्ष बनाए गए हैं। एक निरीक्षक कक्ष, जहां विवेचनाओं की मानिटरिंग होगी। एक स्टाफ रूम होगा। इसमें स्टाफ के सदस्य रहेंगे। एक कंप्यूटर कक्ष होगा। यहां साइबर अपराध से जुड़े मामलों की अपलोडिंग से लेकर जीमेल या अन्य माध्यम से आने वाले इनपुट को अपडेट किया जाएगा। यहां एक इंस्पेक्टर के अलावा दो सब इंस्पेक्टर, तीन हेड कांस्टेबल, सात कांस्टेबल, एक ड्राइवर और एक वाहन की व्यवस्था की गई है।
पुलिस लाइन में जिम का निरीक्षण करते एडीजी राजीव सभरवाल- फोटो : SAHARANPUR