सहारनपुर। महानगर में मोहल्ला छिपियान के बाहर पुल खुमरान रोड पर अब जलभराव समस्या नहीं बनेगा। बेहट बस अड्डा से पुल जोगियान तक चल रहे सड़क निर्माण के कार्य में उक्त स्थान पर आरसीसी की अलग सड़क बनाई गई है, जो करीब 150 मीटर लंबी है, जो पुरानी सड़क से करीब डेढ़ फीट ऊंचा करके बनाया गया है। बाकी पूरी सड़क कोलतार से बनेगी।
पुल जोगियान से बेहट बस अड्डा तक स्मार्ट रोड बनाई जा रही है। इसका पहले चरण का कार्य बस अड्डा से पुल खुमरान तक चल रहा है, जो करीब 500 मीटर का है। सड़क निर्माण के साथ ही दोनों ओर नाले की मरम्मत भी की जा रही है। बीते दिनों बरसात के कारण पांवधोई नदी के उफान पर आने के कारण नदी का पानी बाहर निकलकर मोहल्ला छिपियान के बाहर उक्त मार्ग पर करीब 200 मीटर तक भर गया था। पानी घुटनों से ऊपर था, जिसकी वजह से कई दिन तक सभी तरह के वाहनों की आवाजाही बंद रही थी। ऐसे में जलभराव वाले हिस्से में अलग से आरसीसी की सड़क बनाई गई है, जो करीब डेढ़ फीट मोटी है। दूसरे चरण में पुल खुमरान से पुल दालमंडी तक की सड़क बनेगी, जो करीब 600 मीटर लंबी है। बरसात में उक्त मार्ग भी बाढ़ प्रभावित रहा था।
नगरवासियों की बात
राकेश कुमार गांधी का कहना है कि महानगर की सड़कों की हालत खराब है, लेकिन अब धीरे-धीरे सड़कें बनने लगी हैं। पुल खुमरान के पास सड़क का उच्चीकरण किया गया है। उम्मीद है कि अब वहां जलभराव नहीं होगा।
शरद भार्गव का कहना है कि जिस प्रकार पुल खुमरान सहित अन्य जगहों पर सड़कें बनाई गई हैं। महानगर की अन्य सड़कों, जहां सीवर का कार्य चल रहा है उसे भी जल्द पूर्ण कराकर सड़कें बनवाई जाएं।
गुलशन अनेजा का कहना है कि पूरे महानगर में सड़कों को ऐसा बनाया जाए, जिससे जलभराव की समस्या पूरी तरह खत्म हो जाए। उनकी ढलान और दोनों ओर नालों की व्यवस्था दुुरुस्त होनी चाहिए।
बेहट बस अड्डा से पुल जोगियान तक की सड़क को बनाने का कार्य चल रहा है। खास बात यह है कि पुल खुमरान के पास का सड़क का हिस्सा काफी नीचा था, जिस पर बरसात के दिनों में भारी जलभराव रहता था, जिससे लोगों को परेशानी रहती थी। उक्त स्थल पर आरसीसी की काफी ऊंची सड़क बनाई गई है। अब जलभराव की समस्या नहीं बनेगी।
अमरेंद्र गौतम, अधिशासी अभियंता, स्मार्ट सिटी सहारनपुर।