अब जेल में सुरक्षा प्रबंधों का विशेष ऑडिट होगा
सहारनपुर। जिला कारागार में बैरकों, भवनों की स्थिति, कर्मचारियों की संख्या सहित अन्य सुरक्षा प्रबंधों की निगरानी के लिए विशेष ऑडिट कमेटी गठित की जाएगी। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। कारागार में होने वाली आकस्मिक घटनाओं पर भी यह कमेटी नजर रखेगी।
वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. विरेश राज शर्मा ने बताया कि इस बारे में इसी माह निर्देश जारी किए गए हैं। शासन स्तर पर कमेटी बनाने के साथ जिलास्तरीय कमेटी भी बनाई जा रही है। इसमें जिलाधिकारी को अध्यक्ष नामित किया गया है। इनके अलावा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी कारागार, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता अभिसूचना इकाई के निरीक्षक स्तर के अधिकारी सदस्य होंगे। डॉ. शर्मा ने बताया कि इस कमेटी में उनकी भूमिका सदस्य सचिव की होगी। जेल में 1500 से अधिक बंदी हैं। इसलिए सुरक्षा प्रबंधों को लेकर नियमित रूप से गंभीरता बरती जा रही है। अप्रैल माह में सुरक्षा ऑडिट कर समिति जरूरी खामियों में सुधार के साथ ही सुझाव की रिपोर्ट पेश करेगी।
वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने बताया कि कोरोना संक्रमण के फिर से बढ़ने की संभावना को देखते हुए बंदियों को भी जागरूक कराया जा रहा है। टारगेट सैंपल अभियान के तहत भी जेल के बंदियों के नमूने दिलवाकर परीक्षण कराया जाएगा।