सहारनपुर। बेमौसम बारिश ने शुगर मिलों के पेराई सत्र को आगे बढ़ा दिया है। पहले 28 अक्तूबर तक चलने वाली चीनी मिलें अब एक नवंबर से आठ नवंबर तक चलेंगी। हालांकि पेराई सत्र गत सीजन की तुलना में पहले शुरू होगा। गत वर्ष जिले की शुगर मिलें 13 नवंबर तक चली थीं।
पिछले दिनों हुई बरसात का प्रभाव शुगर मिलों के पेराई सत्र पर पड़ा है। जनपद की अधिकांश चीनी मिलों की तैयारी 28 अक्तूबर तक पेराई सत्र प्रारंभ करने की थी। इसको लेकर गन्ना विभाग से लेकर शुगर मिलों की कवायद जारी थी। पेराई सत्र जल्द शुरू करने को लेकर शुगर मिलें मेंटीनेंस कार्य को पूरा करने में तेजी बरत रहीं थीं, लेकिन पिछले दिनों हुई बरसात से बढ़ी नमी के चलते मिलों ने पेराई सत्र को आगे बढ़ा दिया है। जिले में सबसे पहले एक नवंबर को गांगनौली और सरसावा चीनी मिलें पेराई सत्र का शुभारंभ करेंगी। पांच नवंबर को शेरमऊ और सात को गागलहेड़ी शुगर मिलों का संचालन करेंगी। आठ नवंबर को देवबंद और नानौता शुगर मिलों का पेराई सत्र प्रारंभ होगा। जिला गन्ना अधिकारी डॉ. आरडी द्विवेदी ने बताया कि जिले की चीनी मिलों ने बेमौसम बारिश के चलते पेराई सत्र को थोड़ा आगे बढ़ा दिया है। अब नवंबर की पहले सप्ताह तक शुगर मिलें पेराई शुरू कर देंगी। गत सीजन में जिले की चीनी मिलें 13 नवंबर तक संचालित हुई थीं।
--------------
-- जनपद की शुगर मिलों की संचालन तिथि --
मिल तिथि
देवबंद 08 नवंबर
गांगनौली 01 नवंबर
शेरमऊ 05 नवंबर
गागलहेड़ी 07 नवंबर
नानौता 08 नवंबर
सरसावा 01 नवंबर
-----------
नोट: गन्ना विभाग के अनुसार।