सहारनपुर। लखनऊ में बहुजन समाज पार्टी में शामिल होने के बाद सहारनपुर लौटे पार्टी के नवनियुक्त पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संयोजक इमरान मसूद ने अपने निवास पर सभा की। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार बहनजी ने पार्टी में शामिल कराते ही उन्हें पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी है वह केवल मेरा सम्मान नहीं, बल्कि आप सबका सम्मान है। उन्होंने कहा कि बहुत चुनाव लड़ लिए हैं हारने के लिए, लेकिन अब जीतने की तैयारी है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए इमरान मसूद ने कहा कि हमें आज से ही 2027 के चुनाव की तैयारी में जुट जाना है। जो लोग नाराज हैं उनके घर जाकर उनको मनाएंगे और बहुजन समाज पार्टी व बहनजी के हाथों को मजबूत बनाएंगे। उन्होंने कहा कि राजनीति में पूरा खेल समीकरण का है और इस बार समीकरण बिलकुल साफ है। यह मिलन उत्तर प्रदेश के अंदर बहुजन समाज पार्टी में जान फूंकने का काम करेगा। जो व्यक्ति समाज के भीतर समरसता, एकता की बात करेगा उसका पार्टी में स्वागत रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि अपनी सरकारों में जो सम्मान बहनजी ने समाज को दिया है वह किसी अन्य ने नहीं दिया है। ऐसे में हम सब बहनजी के हाथों को मजबूत करने का काम करेंगे। ------
बसपा कार्यालय पर इमरान का भव्य स्वागत
सहारनपुर। लखनऊ से लौटने के बाद पहली बार बहुजन समाज पार्टी कार्यालय पहुंचे इमरान मसूद का पार्टी पदाधिकारियों ने फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया। इमरान मसूद ने कहा कि आगामी चुनावों में भाजपा और सपा का सूपड़ा साफ होने वाला है। उन्होंने कहा कि बहनजी ने मेरे सिर पर हाथ रख जो आशीर्वाद देकर पार्टी ज्वाइन कराई है मैं उसे कभी नहीं भूलूंगा। हम दिन रात मेहनत कर सबको साथ लेकर पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे। कार्यक्रम में उत्तराखंड प्रभारी नरेश गौतम, जनेश्वर प्रसाद, पूर्व विधायक रविंद्र मोल्हू, बिजेंद्र कश्यप, सरफराज राइन, आशीर्वाद आर्य, अनिल कुमार, जगपाल नानौता, पूर्व चेयरमैन नोमान मसूद, हमजा मसूद, शायान मसूद, मोहम्मद आसिफ अली, विनोद पंवार, विनोद सहगल, एल आलम, नरेशचंद जैन, अजब सिंह आदि मौजूद रहे।