- 12 से बढ़ाकर 20 बेड किए, सभी बेड ऑक्सीजन युक्त, बेहतर होगा इलाज
-माइनर ओटी की भी रहेगी सुविधा, नई इमरजेंसी का किया गया उद्घाटन
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। एसबीडी जिला अस्पताल की इमरजेंसी को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया है। अब माइनर ओटी से लेकर हर बेड ऑक्सीजन युक्त किए गए हैं। ऑक्सीजन सीधे प्लांट से पहुंचेगी। इसके अलावा इमरजेंसी में ड्रेसिंग रूम, डॉक्टर्स रूम और स्टाफ रूम भी है। इससे मरीजों का इलाज ठीक से हो सकेगा।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी को आधुनिक बनाने का काम पिछले करीब डेढ़ महीने से चल रहा था। शनिवार को नगर विधायक राजीव गुंबर, रामपुर मनिहारान विधायक देवेंद्र निम ने एसबीडी जिला अस्पताल की नई इमरजेंसी का उद्घाटन किया। इस दौरान विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि डॉक्टर भगवान का दूसरा रूप होते हैं, जब कोई बीमार या किसी पीड़ा से ग्रस्त हो तब पहले भगवान का नाम मुंह से निकलता है, फिर डॉक्टर में उसे भगवान दिखता है।
विधायक देवेंद्र निम ने कहा कि अस्पताल में नई-नई सुविधाएं बढ़ रहीं हैं, जिससे बड़ी संख्या में मरीज सरकारी अस्पतालों पर भरोसा बना है। नई इमरजेंसी में सुविधाएं बढ़ने से न केवल मरीजों की अच्छी मॉनीटरिंग होगी, बल्कि ठीक से उनका उपचार भी होगा।
एसबीडी जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. रतनपाल सिंह सुमन ने बताया कि मरीजों को पहले से और बेहतर सुविधाएं देने के लिए उनकी ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। नई इमरजेंसी में 12 से 20 बेड कर दिए हैं। ये सभी बेड ऑक्सीजन युक्त हैं। इन पर प्लांट से ही ऑक्सीजन की सप्लाई होगी। आधुनिक सुविधाएं होने से मरीजों का इलाज भी बेहतर होगा। इस मौके पर सीएमओ डॉ. संजीव मांगलिक, डॉ. एके चौधरी, डॉ. धर्मराज मनु, डॉ. रामानंद, विक्रांत तिवारी, स्टाफ नर्स प्रवीन चतुर्वेदी, सीमा आदि मौजूद रहे।