सहारनपुर। अब उप निबंधन कार्यालय बैनामे के दस्तावेज तहसील को ऑनलाइन भेजेंगे। इससे कृषि भूमि का दाखिल खारिज कराना आसान हो जाएगा। जनपद में प्रतिवर्ष होने वाले करीब दस हजार बैनामों में इसका लाभ होगा।
बैनामा कराने के बाद क्रेताओं को दाखिल खारिज कराना होता है। इसमें खरीदी गई भूमि की खतौनी से विक्रेता के नाम खारिज कर क्रेता का नाम चढ़ाया जाता है। इसके लिए बैनामा होने के बाद उनकी हार्ड कॉपी तहसील को भेजी जाती है।
कई बार इसको भेजने में काफी समय लग जाता है। जिससे दाखिल खारिज के साथ होने वाली नामांतरण प्रक्रिया में देर हो जाती है। क्रेताओं की इस समस्या के निस्तारण के लिए निबंधन विभाग इस प्रक्रिया के सरलीकरण करने पर जोर दे रहा है।
इसके तहत बैनामा होने के बाद उससे संबंधित सभी दस्तावेज तहसील को ऑनलाइन भेजे जाएंगे। इससे दाखिल खारिज प्रक्रिया में तेजी आएगी। सहायक महानरीक्षक निबंधन बृजेश सिंह चौधरी ने बताया कि अब उप निबंधक कार्यालय तहसीलों को ऑनलाइन बैनामों को भेजेंगे। इससे कृषि भूमि का दाखिल खारिज कराने में आसानी होगी।