सहारनपुर। हिंडन नदी में स्टार पेपर मिल द्वारा प्रदूषित पानी डाला जा रहा है, जिससे हिंडन प्रदूषित हो रही है। पेपर मिल के पानी के नमूनों की जांच में भी रंगीन प्रदूषित पानी आया है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने स्टार पेपर मिल को नोटिस जारी किया है, साथ ही बीते तीन अगस्त से रोजाना 30 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया है। 15 दिनों में सुधार नहीं होने पर पेपर मिल को बंद करने की कार्रवाई की जाएगी।
महानगर में नागल रोड पर स्थित स्टार पेपर मिल द्वारा मिल का पानी एक नाले के माध्यम से संतागढ़ गांव के पास हिंडन नदी में डाला जा रहा है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के स्थानीय अधिकारियों ने गत तीन अगस्त को मौके पर जाकर जांच पड़ताल की थी। संतागढ़ के पास हिंडन नदी और गांव पैरागपुर से पेपर मिल से निकल रहे उत्प्रवाह (पानी) के नमूने लिए थे। यहां पर पानी रंगीन पाया गया था। इस रंगीन पानी के कारण हिंडन नदी का पानी भी रंगीन होकर प्रदूषित हो रहा है।
जांच रिपोर्ट में रंगीन पानी प्रदूषित पाया गया। इसकी जांच रिपोर्ट मुख्य पर्यावरण अधिकारी लखनऊ को भेजी गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर स्टार पेपर मिल को कारण बताओ नोटिस जारी किया है, साथ ही तीन अगस्त से रोजाना 30 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। नोटिस में कहा गया है कि यदि 15 दिनों में संतोषजनक जवाब नहीं मिला और नदी में प्रदूषित पानी डालना बंद नहीं किया तो पेपर मिल की बिजली, पानी आदि अन्य सुविधाएं तत्काल प्रभाव से बंद करा कर पेपर मिल को बंद करा दिया जाएगा।
हिंडन को प्रदूषण मुक्त कराया जाएगा : मंडलायुक्त
सहारनपुर। गत 17 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनपद के दौरे के दौरान भी हिंडन नदी को प्रदूषित किए जाने शिकायत की गई थी। जिस पर मुख्यमंत्री ने मंडलायुक्त को कार्य योजना बना कर हिंडन को प्रदूषण मुक्त करने के लिए अभियान चलाने के आदेश दिए थे। मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम ने बताया कि हिंडन को प्रदूषण मुक्त करने की कार्य योजना बनाई जा रही है। इसे प्रदूषण मुक्त कराया जाएगा। बुधवार को भी उन्होंने संतागढ़ में हिंडन का निरीक्षण किया। इस दौरान पानी के तीन नमूने लेकर फिर से जांच के लिए भिजवाए गए हैं। जो उद्योग नदी में प्रदूषित पानी डाल रहे हैं, उस पर कार्रवाई की जाएगी।
स्टार पेपर मिल द्वारा रंगीन प्रदूषित पानी हिंडन नदी में डाला जा रहा है। गत माह लिए गए पानी के नमूने रंगीन और प्रदूषित मिले हैं। जिस कारण हिंडन नदी में भी रंग और प्रदूषण की समस्या पाई गई है। स्टार पेपर मिल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, साथ ही रोजाना 30 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया है।
- डीसी पांडेय, क्षेत्रीय अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, सहारनपुर
मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. संतागढ़ गांव के पास हिंडन नदी का निरीक्षण करते हुए।- फोटो : SAHARANPUR