सहारनपुर। नगर निगम ने महानगर के 28 हजार गृहकर बकाएदारों की सूची तैयार की है। इनके लिए नोटिस प्रिंट कराए गए हैं, जो जारी किए जा रहे हैं। नोटिस मिलने के बाद 15 दिन में कर जमा नहीं कराने पर नगर निगम कार्रवाई करेगा। बकाएदारों पर कुर्की या संपत्ति को सील करने की कार्रवाई भी होगी। इसके लिए निगम ने पुलिस की मदद भी मांगी है।
गृहकर एवं जलकर लगाने के लिए महानगर में वर्ष 2015 में सर्वे किया गया था, जिसमें 1.42 लाख संपत्तियां सामने आई थीं। तब से इतनी ही संपत्तियों पर गृहकर एवं जलकर लगा आ रहा है। नगर निगम प्रत्येक वर्ष कर वसूली के लिए अभियान चलाता है। बकाएदारों को 20 फीसदी तक की छूट भी दी जाती है। इस बार भी एकमुश्त कर जमा कराने पर 20 फीसदी की छूट दी गई, लेकिन इसके बाद भी बड़ी संख्या में नागरिक ऐसे हैं, जिन्होंने कर जमा नहीं कराया है।
नगर निगम ने 31 मार्च 2024 तक कर जमा नहीं कराने वालों की सूची तैयार की है, जिनकी संख्या करीब 28 हजार तक बताई गई है। इनके लिए अलग से गुलाबी रंग के नोटिस प्रिंट कराए गए हैं, जो संपत्ति मालिक के नाम से हैं। नोटिस पिछले करीब एक महीने से जारी करने का काम किया जा रहा है। ज्यादातर नोटिस भेजे जा चुके हैं। बकाएदारों को नोटिस मिलने के बाद 15 दिन में कर जमा कराने को कहा गया है। अन्यथा की स्थिति में संपत्ति को कुर्क करने या फिर सील करने की कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है।