सहारनपुर। जिले में 312 सहकारी समितियों के चुनावी प्रक्रिया में बृहस्पतिवार को करीब 79 नामांकन पत्र उम्मीदवारों ने वापस लिए। इसके साथ ही चुनाव चिह्न भी आवंटित किए गए। विभाग के मुताबिक करीब 100 से अधिक संचालक पद के उम्मीदवारों का निर्विरोध चुना जाना तय है।
जनपद में 2794 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। विभाग के मुताबिक बुधवार को खामियां मिलने पर करीब 78 पर्चे निरस्त हुए थे। बृहस्पतिवार नामांकन पत्र वापस लेने और चुनाव चिह्न बांटे जाने की प्रक्रिया शुरू हुई। इसके तहत किसान सेवा सहकारी समिति अंबेहटा में दस दावेदारों द्वारा नाम वापसी के बाद अब नौ संचालकों के पदों पर 24 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। प्रबंध निदेशक अमर पाल सिंह ने बताया कि 4522 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
सहकारी समिति बड़गांव में नाम वापसी के बाद कातला में बागेश, नन्हेड़ा में नकली और चिराऊं में अजीत सिंह, सहकारी समिति मियानगी के शब्बीरपुर में करेशना, सहकारी समिति मिर्जापुर के सांवतखेड़ी में रीना का निर्विरोध संचालक चुना जाना तय है। किसान सेवा सहकारी समिति रामपुर मनिहारान में 11 नामांकन पत्र वापस होने के बाद डकरावर कलां से महावीर का निर्विरोध चुना जाना तय है। इनके अलावा संचालकों के आठ पदों पर 17 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। चुनाव अधिकारी प्रभा नंदन ने बताया कि 2794 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। गंगोह किसान सेवा सहकारी समिति के एमडी महिपाल सिंह ने बताया कि 30 नामांकन दाखिल किए गए थे। इनमें से दो नामांकन निरस्त हो गए, जबकि 11 ने नामांकन पत्र उम्मीदवारों ने वापस लिए। इनमें गंगोह, झाडवन, जोगीपुरा और फतेहपुर में संचालक निर्विरोध चुने जाना तय है। सलारपुरा किसान सेवा सहकारी समिति के एमडी मनीष सैनी ने बताया कि तीन दावेदारों द्वारा नाम वापसी के बाद सलारपुरा के दो, बंदाहेड़ी के दो और बिस्नौट के एक संचालक का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय है। रंधेडी किसान सेवा सहकारी समिति के एमडी कंवरपाल सिंह ने बताया कि 30 नामांकन दाखिल किए गए थे। इनमें से छह नामांकन निरस्त हुए और चार वापस ले लिए गए। अब कम्हेडा, धलापड़ा और मुरादखेडी के संचालक निर्विरोध बन जाएंगे।
किसान सेवा सहकारी समिति पटनी में नाम वापसी के बाद नौ संचालकों का निर्विरोध निर्वाचन तय है। सहकारी समिति दास्सामजरा में 10 नामांकन वापस लेने के बाद चार सीटों पर चुनाव होगा। सहकारी समिति चिलकाना में नौ लोगों ने पर्चे भरे थे। यहां सभी नामांकन सही पाए गए। पूरी समिति का निर्विरोध चुना जाना तय है। कृषि निवेश समिति चिलकाना में छह संचालक और रघुनाथपुर सहकारी समिति में सात संचालकों का निर्विरोध चुना जाना तय है।
नागल समिति पर पांच, बसेड़ा में तीन, दंघेड़ा समिति में चार, बचीटी में तीन, चंदेना कोली में तीन, गांगनौली समिति पर चार संचालकों का निर्विरोध चुना जाना तय है। किसान सेवा सहकारी समिति सांगाठेडा महंगी में जंधेड़ा से देवीदयाल व बेरखेड़ी से रमेश कश्यप का निर्विरोध चुना जाना तय है। साधन सहकारी समिति खानपुर अफगान में धानवा से शाहजहां पत्नी मुजम्मिल व मौहम्मदपुर गुर्जर से सलेलता पत्नी सतीश तीतरों समिति में ग्राम बेरखेड़ी से राकेश शर्मा का चुना जाना तय है। किसान सेवा सहकारी समिति नानौता के निर्वाचन क्षेत्र यहियापुर से एक जयप्रकाश का चुना जाना तय है। गणेशपुर साधन सहकारी समिति में बादशाहपुर, मनोहरपुर, गणेशपुर, खुशहालीपुर से संचालक निर्विरोध चुने जाएंगे। किसान सेवा सहकारी समिति टाबर के गांव नारायणपुर से सोमी सैनी पत्नी अनिल सैनी व साहबामाजरा से मांगेराम, किसान सेवा सहकारी समिति, साल्हापुर के गांव खारीबांस से जितेंद्र राठौर, तिरपड़ी से डिम्पल देवी, सढौली से संदीप कुमार, जुड्डी से जसलेश देवी व साल्हापुर से विपिन राठौर निर्विरोध चुने जाएंगे। साधन सहकारी लिमिटेड सरसावा के चुनाव अधिकारी संतराम ने बताया कि सभी नौ प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित होने तय हैं। किसान सहकारी समिति ,अघ्याना के गांव नठौड़ी से भूपेश कुमार व कुल्हेड़ी से सुधीर कुमार निर्विरोध चुने जाएंगे। असलमपुर बरथा साधन सहकारी समिति के चुनाव अधिकारी शुभम सैनी ने बताया कि नामांकन वापसी के बाद नगली से सौराज, धौलरा से विनोद कुमार, असलमपुर बरथा से रीटा देवी व राजू कुमार का निर्विरोध चुना जाना तय है।
18 को मतदान और 19 को परिणाम होंगे घोषित
18 मार्च को मतदान और 19 को परिणाम घोषित होंगे। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता सूर्य नारायण मिश्रा ने बताया बृहस्पतिवार को चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए। करीब 100 से अधिक उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र वापस लिए हैं।