सहारनपुर। मंडलायुक्त एवी राजमौलि ने कहा है कि वैश्विक महामारी कोविड-19 से लड़ाई के लिए टीम वर्क के साथ ही सभी के सहयोग की जरूरत है। उन्होंने सभी कोविड संक्रमित गंभीर मरीजों को बेड उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी कोविड संक्रमित इलाज से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि कोविड संक्रमित मरीज की मृत्यु होने पर उसके अंतिम संस्कार की व्यवस्था प्रशासन की देखरेख में पूरे सम्मान से की जाए। उन्होंने टेलीमेडिसिन की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने बुधवार को मंडल के जिलाधिकारियों, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन और नर्सिंग होम एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ कोविड-19 की स्थिति के संबंध में वर्चुअल संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जनपद में कोविड एवं नॉन कोविड रोगियों के लिए टेली कंसल्टेशन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मंडल के तीनों जनपदों में आवश्यकता के अनुसार ऑक्सीजन की उपलब्धता एवं आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। ऑक्सीजन का दुरुपयोग हर हाल में रोका जाना चाहिए। कोविड संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि कोविड संक्रमित मरीजों के लिए डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध रहे। उन्होंने रात्रि कर्फ्यू एवं साप्ताहिक कर्फ्यू को ओर अधिक प्रभावशाली बनाने जोर दिया। मंडलायुक्त ने कहा कि वरिष्ठ चिकित्सक कोविड अस्पतालों में राउंड लें। कोविड मरीजों का मनोबल बढ़ाया जाए। डॉक्टर और सफाई कर्मी स्वयं का बचाव करते हुए कोविड मरीजों की सेवा करें। कोविड टेस्ट एवं इलाज की सभी दरें निर्धारित हो। निजी अस्पतालों की मनमानी वसूली को हर हाल में रोका जाए। होम आइसोलेशन में रह रहे कोविड मरीजों को मेडिकल किट उपलब्ध कराई जाए। इस दौरान डीएम मुजफ्फरनगर सेल्वा कुमारी जे, शामली जसजीत कौर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर अभिषेक यादव, पुलिस अधीक्षक शामली सुकिर्ति माधव, मुख्य विकास अधिकारी सहारनपुर प्रणय सिंह, मुजफ्फरनगर आलोक यादव, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनोद कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।