एसएसपी के यहां पहुंची तीन तलाक की पीड़िता।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर में ससुराल से दहेज में बाइक न मिलने पर एक महिला को उसके पति ने तीन तलाक देकर नाता तोड़ लिया। पीड़िता मंगलवार को एसएसपी दफ्तर पहुंची और पति पर मारपीट का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
थाना कुतुबशेर क्षेत्र के 62 फुटा मार्ग स्थित हाकमशाह कॉलोनी निवासी नगमा परवीन पुत्री मोहम्मद इरशाद अपने परिजनों के साथ मंगलवार को पुलिस लाइन पहुंची। एसएसपी के नाम एसपी देहात को दिए प्रार्थना पत्र में नगमा ने बताया कि उसकी शादी आठ मई को खाताखेड़ी स्थित जैन कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति से हुई थी। आरोप है कि पति ने दहेज में बुलेट बाइक की मांग करते हुए उसके साथ मारपीट की।
विरोध करने पर ससुरालियों ने भी उसकी पिटाई की और फिर उसे मायके छोड़कर गए। 15 दिसंबर की शाम पति अपने पिता, भाई व एक अन्य व्यक्ति के साथ मायके आया। परिजनों ने पति को 40 हजार रुपये चेक और नौ हजार रुपये नगद दिए। पति तब भी एक लाख पांच हजार रुपये की मांग करने लगा।
पैसों का इंतजाम न होने की बात कहने पर पति ने उसके साथ मारपीट की आैर तीन बार तलाक बोलकर उसे तलाक दे दिया और चला गया। मंगलवार को पीड़िता परिजनों के साथ एसएसपी दफ्तर पहुंची उसके साथ चौधरी इस्तकार, खुर्शीद, इंतजार, सैयारा, नसीम मुस्तकीम, रिहान, वरीसा, नफीसा सहित परिजन मौजूद रहे।