इसके तुरंत बाद 12:35 से दो बजे तक दूसरी बैठक होगी। इसमें प्रदेश और क्षेत्रीय पदाधिकारियों के अलावा जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी और जिला महामंत्री शामिल होंगे। यहां चर्चा का केंद्र मौजूदा संगठन, बूथ स्तर की सक्रियता, शक्ति केंद्रों की स्थिति और चुनावी तैयारियों की प्रगति रह सकती है।
संगठनात्मक बैठकों में बूथ से जिला स्तर तक तैयारियों की समीक्षा को दौरे का प्रमुख हिस्सा बताया गया है। इन दोनों बैठकों का असल निष्कर्ष यही होगा कि पुराने नेताओं की जमीनी राय और मौजूदा संगठन की रिपोर्ट में कितना तालमेल है। टिकट के दावेदारों, स्थानीय गुटबाजी, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और चुनावी तैयारियों को लेकर सामने आने वाला फीडबैक आगे की रणनीति का आधार बन सकता है।
जिलाध्यक्ष अजीत सिंह राणा ने बताया कि इसके बाद दोपहर 2:15 बजे ओजपुरा में अनुसूचित वर्ग के ताल्लुक रखने वाले पुराने कार्यकर्ता व बूथ अध्यक्ष अजब सिंह के घर भोजन करेंगे और रविदास मंदिर जाएंगे। इसके जरिए संगठनात्मक बैठकों से आगे सामाजिक संपर्क पर भी जोर दिखाई देगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े भी रहेंगे। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष दिल्ली लौट के लिए रवाना होंगे।
इसलिए अहम होगी दोनों बैठक
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का दौरा महज स्वागत और संगठनात्मक औपचारिकताओं तक सीमित नहीं रहेगा। पश्चिमी यूपी की 71 विधानसभा सीटों को लेकर भाजपा की चुनावी तैयारियों में यह दौरा संगठन की वास्तविक स्थिति जानने की कवायद का हिस्सा है।
भाजपा की पश्चिमी यूपी की रणनीति में बूथ और जमीनी संगठन को मजबूत करना प्रमुख बिंदु है। इस लिहाज से राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा भाजपा के लिए 2027 की तैयारी में संगठन की अंदरूनी तस्वीर पढ़ने का पहला बड़ा अवसर माना जा सकता है।
होर्डिंग्स और झंडों से पाटा गया शहर, दिखेगा स्थानीय नेताओं का कद
निनि नवीन के पहली बार जिले में आगमन को लेकर स्वागत की तैयारियां जोरो पर हैं। सुबह 9:30 बजे रोहाना टोल प्लाजा से स्वागत का सिलसिला शुरू होगा। इसके बाद नागल, कोलकी टोल प्लाजा, कमिश्नर कार्यालय के पास समेत कई स्थानों पर स्वागत किया जाएगा। काफिले के रूट पर होर्डिंग और बैनरों की भरमार है।
मौजूदा जनप्रतिनिधियों के साथ पूर्व पदाधिकारियों और टिकट के दावेदारों ने भी बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए हैं। भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई और जिलाध्यक्ष अजीत राणा ने भी तैयारियों का जायजा लेकर कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए। इसके अलावा विधायक राजीव गुंबर, विधायक किरत सिंह, विधायक देवेंद्र निम और विधायक मुकेश चौधरी समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।