सहारनपुर में कोरोना से नौवीं मौत, 43 संक्रमित मिले
सहारनपुर। सहारनपुर में रविवार रात नूरबस्ती निवासी कोरोना संक्रमित व्यक्ति की मौत हो गई। जनपद में यह 24 दिन में नौवीं मौत है। लगातार हो रही मौतों से कोरोना मरीजों के साथ ही सामान्य लोगों में भी भय बढ़ रहा है। वहीं सोमवार को जिले में 43 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई।
नूरबस्ती निवासी 58 वर्षीय अफजाल सांस के मरीज थे। रविवार शाम तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें लेकर एसबीडी जिला अस्पताल पहुंचे थे। यहां मरीज की हालत देखकर चिकित्सकों ने उनका कोरोना टेस्ट कराया था, जो पॉजिटिव निकला। इसके बाद उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज के कोविड अस्पताल में भेज दिया गया। वहां देर रात उनकी मौत हो गई। उनकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। साथ ही अब परिजनों को भी कोरोना की जांच से गुजरना पड़ रहा है।
गंगोह में एक ही परिवार के 11 लोग निकले संक्रमित
सहारनपुर/देवबंद/गंगोह/चिलकाना। सहारनपुर में सोमवार को एक सिपाही सहित 43 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। गंगोह में एक ही परिवार के 11 लोग संक्रमित मिले हैं। लक्षण वाले मरीजों को कोविड अस्पतालों में भर्ती किया गया है, जबकि लक्षणरहित मरीजों को घरों पर आइसोलेट किया गया है।
नए संक्रमितों में देवबंद के निजी अस्पताल के चार कर्मचारी हैं। इस अस्पताल के दस कर्मचारी पहले पॉजिटिव निकल चुके हैं और अस्पताल सील है। एक व्यक्ति गांव परौली का रहने वाला है, जो सऊदी अरब से आया था। गांव फैलादपुर के दो, मंगलौर बस अड्डे के दो तथा गांव गुनारसा का एक व्यक्ति संक्रमित आया है। सभी को घरों पर आइसोलेट किया गया है। एक व्यक्ति राणा प्रताप कॉलोनी, एक नुमाइश कैंप, एक कृष्णानगर जैन बाग, एक पंचकुआं, एक छिंपिवाड़ा देवबंद, एक मंगलौर देवबंद, एक थाना तीतरो, एक ओल्ड आवास विकास, एक ब्रिजेश नगर, एक आजाद कॉलोनी, एक पैरामाउंट ट्यूलिप कॉलोनी, एक वाल्मीकि बस्ती, एक नंदपुरी कॉलोनी का रहने वाला है। उधर, गंगोह में एक ही परिवार के 11 लोग संक्रमित मिले हैं। गंगोह में सोमवार को 75 लोगों के सैंपल लिए गए थे, जिनमें से 11 की रिपोर्ट पॉजिटिव निकली है। वहीं, 18 लोगों की कोविड अस्पतालों से छुट्टी की गई है।