सहारनपुर। पंजाब में किसान आंदोलन के चलते तीसरे दिन भी ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। हेमकुंड, जनशताब्दी एक्सप्रेस सहित नौ ट्रेनें निरस्त रही, जबकि दो ट्रेनें अपने तय समय से सहारनपुर में लेट पहुंची। इससे यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, तीन दिन में रेलवे 10 लाख रुपये से अधिक का रिफंड वापस कर चुका है।
पंजाब में अलग-अलग जगहों पर किसान आंदोलन कर रहे हैं। उनके रेलवे ट्रैक पर आने से एहतियातन ट्रेनों को निरस्त, रूट डायवर्ट और देरी से चलाया जा रहा है। शनिवार को भी किसान आंदोलन के चलते ट्रेनों का संचालन गड़बड़ाया रहा। सहारनपुर से होकर गुजरने वाली ट्रेन नंबर 14712 श्रीगंगानगर-ऋषिकेश एक्सप्रेस, 12053 हरिद्वार-अमृतसर जनशताब्दी एक्सप्रेस, 12054 अमृतसर-हरिद्वार जनशताब्दी एक्सप्रेस, 14616 अमृतसर-लालकुआं एक्सप्रेस, 19325 इंदौर-अमृतसर एक्सप्रेस, 12903 मुंबई सेंट्रल-अमृतसर गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस निरस्त रही।
इनके साथ ही ऋषिकेश-श्रीगंगानगर एक्सप्रेस, ऋषिकेश-श्रीमात वैष्णों देवी कटरा हेमकुंड एक्सप्रेस, जम्मूतवी-वाराणसी बेगमपुरा एक्सप्रेस भी नहीं चली। जम्मूतवी-बाड़मेर एक्सप्रेस पांच घंटे और मदुरै-चंडीगढ़ एक्सप्रेस 11 घंटे की देरी से सहारनपुर में पहुंची। ट्रेनों के निरस्त होने और लेट पहुंचने से यात्रियों को परेशानी हुई।