गंगोह। संदिग्ध परिस्थितियों में एक नवविवाहिता की मौत हो गई। परिजनों ने पति सहित पांच ससुरालियों पर दहेज के लिए पुत्री की हत्या करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
कोतवाली क्षेत्र के गांव लखनौती निवासी साजिद ने बताया कि उसने गंगोह के मोहल्ला कोटला निवासी एक युवक से अपनी बेटी की अक्टूबर 2019 में शादी की थी। इसमें अपनी सामर्थ्य से अधिक खर्च किया गया था। कुछ दिन तो मामला सही चला मगर उसके बाद बेटी को दहेज कम लाने के ताने देने लगे और उसके बाद मारपीट शुरू हो गई। इसमें कई बार बेटी ने परिजनों से शिकायत की और हर बार मामला समझा बुझाकर रफा दफा कर दिया गया। 27 जनवरी को फिर से उसे बुरी तरह पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर वहां पहुंचे परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत सुधरने के बजाय बिगड़ती चली गई जिसके चलते चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर मुलाना रेफर कर दिया। उपचार के दौरान उसने अपने बयान दर्ज कराए। चिकित्सकों के काफी प्रयासों के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका और उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के दो छोटे बच्चे हैं। कोतवाली प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।