सहारनपुर। मोहल्ला ज्वालानगर में भाजपा नेता व उद्यमी केएल अरोड़ा के घर 40 लाख की चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले नेपाली नौकर दिनेश को नगर कोतवाली पुलिस पकड़ चुकी है, लेकिन आरोपी को भारत लाने में पेंच फंस गया है। नेपाल पुलिस आरोपी को दूूतावास के माध्यम से ही भेजने पर अड़ी है। इसलिए दो दिन से सहारनपुर पुलिस नेपाल के धनगरी में ही वहां की पुलिस की मदद से आरोपी से पूछताछ कर ही है। आरोपी पुलिस को गुमराह कर रहा है।
एक सप्ताह पूर्व अभिनेत्री कायनात अरोड़ा के ताऊ केएल अरोड़ा के घर नेपाली नौकर ने रात में उस समय चोरी की वारदात को अंजाम दिया था, जब वह परिवार के साथ दिल्ली रोड स्थित एक रिसोर्ट में भतीजे की शादी में गए थे। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। आरोपी तीन लाख की नगदी और 37 लाख के जेवरात पर हाथ साफ कर गया था। इसके बाद आरोपी पीलीभीत बॉर्डर से नेपाल पहुंच गया था। नगर कोतवाली इंस्पेक्टर पंकज पंत उच्चाधिकारियों के निर्देश पर टीम के साथ नेपाल धनगरी पहुंचे और केएल अरोड़ा के पुराने नौकर परमानंद की मदद से दिनेश को पकड़ लिया। पुलिस आरोपी को सहारनपुर नहीं ला सकी। क्योंकि, दूतावास की प्रक्रिया पूरी होने को लेकर पेंच फंस गया है। आरोपी धनगरी का रहने वाला है और वहां की पुलिस दूतावास के माध्यम से दिनेश को भेजना चाहती है। इसलिए नगर कोतवाल पुलिस की टीम दो दिन धनगरी पुलिस के साथ वहीं के थाने में दिनेश से पूछताछ कर रही है, जो पुलिस को गुमराह कर रहा है। आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देने से इंकार कर दिया और पुलिस से कहा कि उसके पास चोरी का माल नहीं है।
आरोपी को पकड़ लिया गया है। दूूतावास की प्रक्रिया को भी पूरा किया जा रहा है। जल्द दिनेश को भारत लाया जाएगा। नेपाल पुलिस सहारनपुर की काफी मदद कर रही है। पुलिस आरोपी से चोरी का माल भी बरामद कर लेगी।----------राजेश कुमार, एसपी सिटी