थाना देवबंद पुलिस द्वारा पकड़ा गया हत्यारोपी
सहारनपुर। देवबंद के भायला खुर्द में हुए प्रिंस हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया। हत्याकांड को पड़ोसी अंकित पुत्र जोगिंद्र ने अंजाम दिया, जो गलत नीयत के चलते प्रिंस को अपने साथ गन्ने के खेत में ले गया था। विरोध करने पर ईंट से वार कर उसकी हत्या कर दी थी।
इस तरह दिया था हत्याकांड को अंजाम : पुलिस लाइन में प्रेस कांफ्रेंस में एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि आरोपी अंकित 24 फरवरी को दोपहर बाद आम के बाग में बैठकर मोबाइल पर गेम खेल रहा था। तभी वहां पर प्रिंस उर्फ अनमोल आया, जो उसके साथ मोबाइल में गेम खेलने लगा।
इसी दौरान आरोपी उसे पब्जी गेम खिलाने के बहाने से बहला-फुसलाकर गन्ने के खेत में ले गया। वहां पर आरोपी ने उसके साथ गलत काम करने का प्रयास किया। इस पर प्रिंस ने शोर मचा दिया और धमकी दी कि घर जाकर मम्मी-पापा को बता देगा। तभी आरोपी ने गुस्से में आकर वहां पड़ी ईंट उठाई और प्रिंस के सिर में ताबड़तोड़ कई वार किए। इससे प्रिंस की मौके ही मौत हो गई।
हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने घर गया और फांवड़ा उठाकर लाया। इसके बाद घटनास्थल पर ही गड्ढा खोदकर प्रिंस के शव को मिट्टी में दबा दिया। जब परिजनों ने प्रिंस की तलाश शुरू की, तब आरोपी भी दिखावा करने के लिए उनके साथ इधर-उधर घूमता रहा, जिससे उस पर किसी को शक न हो।