सहारनपुर। नीट यानी नेशनल इलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट यूजी-2025 कल यानी चार मई को होगा। इसके लिए जनपद में 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन के स्तर से कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।
परीक्षा एक ही पाली में होगी, जो दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी। यानी प्रश्नपत्र को हल करने के लिए अभ्यर्थियों को तीन घंटे का समय मिलेगा।
जिला प्रशासन की ओर से एक कंट्रोल रूम बनाया गया है, जिसका हेल्पलाइन नंबर 0132-2723344 है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक मजिस्ट्रेट तैनात रहेगा। चार मजिस्ट्रेट आरक्षित श्रेणी में रखे गए हैं।
जिला अधिकारी ने परीक्षा के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की है। सिटी मजिस्ट्रेट तथा उप जिला अधिकारी सदर और नकुड़ अपने-अपने क्षेत्रों के परीक्षा केंद्रों का औचक भ्रमण कर व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहेगा।
साथ ही परीक्षा के दौरान केंद्रों के आसपास कोई भी साइबर कैफे और फोटो स्टेट की दुकान नहीं खुलेगी। परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी।