तीन वोट से प्रधान बने नीरज, रिकाउंटिंग की मांग को लेकर हंगामा
नकुड़ (सहारनपुर)। ग्राम पंचायत इस्माइलपुर माजरा में ग्राम प्रधान के चुनाव में भाजपा नेता राजसिंह माजरा समर्थक प्रत्याशी नीरज कुमार ने पूर्व विधायक एवं बसपा नेता महिपाल सिंह माजरा पक्ष की प्रीति राठौर को केवल तीन मतों से हराया। इस दौरान महिपाल सिंह माजरा ने पुन मतगणना की मांग की तो दोनों पक्ष के बीच बहस हो गई। महिपाल सिंह माजरा रिकाउंटिंग कराना चाहते थे तो भाजपा नेता राज सिंह माजरा इसका विरोध कर रहे थे। दोनों पक्ष अपना-अपना पक्ष रखने एआरओ के समक्ष पहुंचे। हंगामा होते देख भीड़ मौके पर जुट गई। इस पर पुलिस ने भीड़ को सख्ती करते हुए तितर बितर किया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद चुनाव अधिकारी ने नीरज कुमार को तीन वोटों से विजयी घोषित कर दिया। इसमें नीरज कुमार 250 वोट लेकर प्रधान पद के लिए निर्वाचित घोषित किए गए। जबकि प्रीति राठौर को 247 वोटों पर संतोष करना पड़ा। वे कांटे के मुकाबले में तीन वोट से हार गई।