19 से 22 तक निरस्त रहेगी नौचंदी एक्सप्रेस
- 21 मई को रूट डायवर्जन के कारण हापुड़ रेलवे स्टेशन से गुजरेंगी छह ट्रेनें
संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। रेलवे लाइन पर चल रहे मरम्मत कार्य के कारण ट्रेनों का संचालन इन दिनों गड़बड़ा गया है। हापुड़ से गुजरने वाली चार ट्रेनों का संचालन 21 मई तक निरस्त कर दिया गया है। सहारनपुर से प्रयागराज के बीच चलने वाली नौचंदी एक्सप्रेस का संचालन भी 19 से 22 मई तक मेरठ तक ही होगा। इसके अलावा 21 मई को सहारनपुर में रूट डायवर्जन के चलते छह ट्रेनें हापुड़ से गुजरेंगी।
21 मई को सहारनुपर स्टेशन यार्ड में ट्रैफिक व ओएचई ब्लॉक के चलते कई ट्रेन निरस्त की गई हैं, जबकि छह ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। इसमें मुरादाबाद से सहानपुर लाइन पर जाने वाली जनसेवा एक्सप्रेस, दरभंगा अंत्योदय एक्सप्रेस, चंडीगढ़ सुपरफास्ट एक्सप्रेस, शहीद एक्सप्रेस, चंडीगढ़ एक्सप्रेस, दुर्गियाना एक्सप्रेस को मुरादाबाद, हापुड़, पानीपत जंक्शन से होते हुए गंतव्य को जाएंगी। जबकि सहारनपुर से प्रयागराज के बीच चलने वाली नौचंदी एक्सप्रेस 19 से 22 मई तक मेरठ से सहारनपुर के बीच निरस्त रहेगी।
रेलवे लाइन पर कार्य के चलते मंगलवार को सहरसा से चलकर अमृतसर जाने वाली गरीब रथ दो घंटा देरी से पहुंची। बरेली से भुज जाने वाली आला हजरत एक घंटा, लालगढ़ से डिबरूगढ़ जाने वाली अवध असम दो घंटा, आनंद विहार से रक्सौल जाने वाली सद्भावना एक्सप्रेस दो घंटा की देरी से स्टेशन पहुंची। ट्रेनों की लेट लतीफी से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्टेशन अधीक्षक अजब सिंह का कहना है कि रेलवे लाइनों को दुरुस्त करने का कार्य किया जा रहा है, जिसके चलते ट्रेनों का शेड्यूल बिगड़ गया है।