ट्रैक से उतरे नौचंदी के कोच को लाइन पर लाने का प्रयास करते कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर में शंटिंग के दौरान नौचंदी एक्सप्रेस ट्रेन का कोच बेपटरी होने से रेल अधिकारियों में हड़कंप मच गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कोच को ट्रैक पर लाया गया।
शनिवार की दोपहर करीब 12 बजे नौचंदी एक्सप्रेस को शारदा नगर रेलवे फाटक के पास पीछे किया जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन का एक कोच बेपटरी हो गया। चालक और उनके साथी तुरंत कोच के पास पहुंचे और जानकारी स्थानीय रेल अधिकारियों को दी।
इसके बाद रेलवे की टीम ने जैक की मदद से घंटे भर की मशक्कत के बाद कोच को ट्रैक पर रखा। इसके बाद ही रेल अधिकारियों ने राहत की सांस ली। उधर, घटना की जानकारी मंडल कार्यालय को भी दे दी गई।
करीब तीन साल पहले भी एक ट्रेन के कोच इसी जगह ट्रैक से उतर गए थे। कोच या मालगाड़ी की बोगियों का ट्रैक से उतरना लगातार जारी है। साल में तीन से चार घटनाएं इस तरह की सामने आ रही हैं।
लगातार हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए कुछ ही दिन पहले रेलवे बोर्ड दिल्ली से अधिकारियों का एक दिन सहारनपुर पहुंचा था। इसके अलावा रेलवे लगातार सेफ्टी सेमिनार भी करा रहा है, मगर यह सब प्रयास बेअसर साबित हो रहे हैं।