सहारनपुर। नौ नवंबर को होने वाली राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए जनपद में छह केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के लिए कल 2,316 छात्रों ने पंजीकरण कराया है।
परीक्षा एक पाली में सुबह आठ बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक होगी। यानी प्रश्न पत्र को हल करने के लिए तीन घंटे का समय मिलेगा। जिन कॉलेजों को केंद्र बनाया गया है। उनमें राजकीय इंटर कॉलेज नेहरू मार्केट, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज लिंक रोड, एसडी इंटर कॉलेज चकराता रोड, बीडी बाजोरिया इंटर कॉलेज चकराता रोड, एसएएम इंटर कॉलेज घंटाघर और गुरु नानक ब्वायज इंटर कॉलेज अंबाला रोड शामिल हैं। परीक्षा से पहले छह नवंबर को राजकीय इंटर कॉलेज नेहरू मार्केट में परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा। इसमें मेरठ से आने वाले अधिकारी अभ्यर्थियों को परीक्षा के बारे में जानकारी देंगे, जिससे कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
आठवीं के छात्र करते हैं आवेदन
राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए आठवीं के वह विद्यार्थी आवेदन करते हैं, जिन्होंने सातवीं में 55 फीसदी या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हों। एससी और एसटी के अभ्यर्थियों को इसमें पांच फीसदी की छूट है। परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को कक्षा नौ से 12वीं तक पढ़ाई के दौरान 500 रुपये प्रति माह का छात्रवृत्ति मिलती है।